February 26, 2026

संवाददाता 

कानपुर।  एक युवक का शव घर के बाहर गेट से फंदे से लटका मिला। रावतपुर थाना क्षेत्र के डूबेहार मंदिर आरएलबी स्कूल के पास रहने वाली नीलम दुबे प्राइवेट जॉब करती हैं। परिवार में 25 साल का बेटा मनीष दुबे उर्फ गणेश और बेटी खुशी दुबे हैं। करीब सात माह पहले ही पति की बीमारी के चलते मौत हो चुकी है।

नीलम ने बताया कि दोपहर ड्यूटी के दौरान बेटे मनीष का फोन आया। उसने कहा- मां मैं दाल-चावल बना रहा हूं, जल्दी आना, नहीं तो खाना ठंडा हो जाएगा। उस समय बेटी खुशी एक शादी समारोह में गई थी और मनीष घर पर अकेला था।

करीब एक घंटे बाद जब नीलम घर पहुंचीं तो गेट पर ही बेटे का शव फंदे से लटकता देख उनके होश उड़ गए। उनकी चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे। मां ने चीखते हुए कहा- भगवान, और कितनी लाशें उठाने पड़ेंगी। इससे पहले बेटी भी सुसाइड कर चुकी है।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और मृतक का मोबाइल कब्जे में ले लिया। घर के अंदर कुकर में दाल और एक भगोने में पानी में भीगे चावल मिले।

शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर अंतिम संस्कार के लिए रवाना हो गए।

पोस्टमार्टम हाउस में बिलखती मां नीलम ने बताया कि वर्ष 2020 में बड़ी बेटी मीनाक्षी ने भी फंदा लगाकर जान दी थी। इसके बाद सात माह पहले पति की बीमारी से मौत हो गई।

रोते हुए उन्होंने कहा, “अब जवान बेटे ने भी ऐसा कदम उठा लिया… बुढ़ापे में और कितनी लाशें उठानी बाकी हैं।” यह कहते ही वह बेसुध होकर रोने लगीं।

रावतपुर थाना प्रभारी कमलेश कुमार रॉय ने बताया कि युवक का शव मैक्सी के सहारे लोहे के एंगल से लटकता मिला है। प्रथम दृष्टया मामला फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है।

उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की सही वजह स्पष्ट होगी। फिलहाल परिवार की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।