March 3, 2026

संवाददाता
कानपुर।
इलाज में लापरवाही बरतने में महिला की मौत के मामले में कानपुर कोर्ट ने हैलट के 5 डॉक्टरों के साथ उनके उच्चाधिकारी कानपुर के अपर निदेशक स्वास्थ्य या सीएमओ के खिलाफ प्रकीर्णवाद दर्ज कर उन्हें तलब किया है। कोर्ट ने सुनवाई की तिथि 14 जुलाई तय की है।
फतेहपुर के बिंदकी निवासी महेंद्र सिंह ने हैलट के डॉ. पवन कुमार, दीपांश, मोहित, आलोक व पावनी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए कोर्ट में अर्जी दी थी। आरोप लगाया कि पेट में दर्द की शिकायत पर उसने अपनी पत्नी सुमन देवी को 15 मई 2024 को हैलट में डॉ. विशाल गुप्ता को दिखाया था।
उन्होंने डॉ. पवन के पास भेजा। डॉ. पवन ने अन्य डॉक्टरों के साथ मिलकर ऑपरेशन करके 2 जून को डिस्चार्ज कर दिया। इलाज के दौरान कई बार कहने के बावजूद कोई भी डॉक्टर सुमन को देखने नहीं पहुंचे। सुमन की 23 अगस्त को मौत हो गई। महेंद्र ने रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए सीजेएम सूरज मिश्रा की कोर्ट में अर्जी दी तो कोर्ट ने हैलट के आरोपी डॉक्टरों से जवाब मांगा था, लेकिन उन्होंने कोई रिपोर्ट नहीं भेजी।
इसके बाद कोर्ट ने उच्चाधिकारियों से रिपोर्ट देने को कहा लेकिन उन्होंने भी कोई रिपोर्ट नहीं भेजी। इस पर कोर्ट ने गंभीर रुख अपनाते हुए सभी के खिलाफ प्रकीर्ण वाद दर्ज कर उन्हें तलब कर लिया है।