January 22, 2026

संवाददाता
कानपुर।
  महापौर के विरोध में खड़े भाजपा के पार्षदों ने  शहर के विभिन्न वार्डों में हुए विकास कार्यों का हिसाब नगर निगम से मांगा है। नगर निगम के पार्षदों ने नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय से मुलाकात की और उन्हें लिखित पत्र देकर पूरे खर्च का लेखा-जोखा उपलब्ध कराने की मांग की है।
वार्ड-10 की पार्षद लक्ष्मी कोरी ने लिखित रूप से नगर आयुक्त को पत्र दिया है, जिसमें उन्होंने 14वें और 15वें वित्त के तहत शहर में होने वाले सभी विकास कार्यों की सूची और इसमें हुए खर्च की जानकारी नगर निगम से मांगी है। जिसके बाद नगर आयुक्त ने पार्षदों को जल्दी ही सारी जानकारी उपलब्ध कराने की बात कही है।
नगर निगम में 26 दिसंबर को हुए सदन के बाद से भाजपा के पार्षद लगातार मेयर प्रमिला पांडेय और उनके बेटे बंटी पांडेय का विरोध कर रहे हैं। सदन में हुए हंगामे के बाद मेयर प्रमिला पांडेय ने वार्ड 4 के पार्षद अंकित मौर्य और वार्ड 37 के पार्षद पवन गुप्ता को सस्पेंड कर दिया था।
इसके बाद से ही भाजपा के 6 पार्षद खुलकर मैदान में आ गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मेयर ने अपने बेटे बंटी पांडेय के कहने पर पार्षदों पर कार्रवाई की है। इसके साथ ही मेयर के बेटे पर उन्होंने भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप भी लगाए। उनका कहना है कि वह नगर निगम से भ्रष्टाचार को खत्म करके रहेंगे। क्योंकि इससे भाजपा की छवि धूमिल हो रही है।
पार्षद लक्ष्मी कोरी ने नगर आयुक्त से जोन-1 और जोन-4 में हुए विकास कार्यों की सूची मांगी है। इसके साथ ही 14वें और 15वें वित्त के तहत किस काम में कितने रुपए खर्च हुए हैं, यह जानकारी भी अधिकारियों से मांगी गई है। पार्षदों का मानना है कि यहां पर सबसे ज्यादा भ्रष्टाचार हुआ है।
वहीं पार्षदों ने पिछले 8 साल में वार्ड 15 में हुए कार्यों की जानकारी भी मांगी है। जिसमें यह पूछा गया है कि वार्ड 15 में किस-किस बजट के तहत कौन-कौन से काम कराए गए हैं। पार्षदों का आरोप है कि यहां पर मनमाने तरीके से रुपए खर्च किए गए हैं। दूसरे वार्डों का बजट भी इसी वार्ड में खर्च किया गया है।
मेयर और उनके बेटे के खिलाफ मोर्चा खोलने वाले पार्षद पवन गुप्ता ने बताया कि उनकी लड़ाई भ्रष्टाचार के खिलाफ है। क्योंकि इससे भाजपा की छवि धूमिल हो रही है। इसलिए वह अपनी लड़ाई जारी रखेंगे और पीछे नहीं हटेंगे। इसके साथ ही संगठन को भी सारे साक्ष्यों के साथ भ्रष्टाचार की जानकारी देंगे। 

Related News