January 2, 2026

संवाददाता
कानपुर।
शहर में गलन वाली सर्दी जारी है। सोमवार-मंगलवार की दरम्यानी रात प्रदेश में सबसे ठंडी रही। न्यूनतम पारा 4.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। मंगलवार सुबह मौसम तो साफ रहा, लेकिन बर्फीली हवा से गलन बढ़ गई है।
ठंड से बचाव के लिए लोगों ने अलाव का सहारा लिया। मंगलवार दिन के मौसम की बात करें तो तेज धूप ने ठंड से राहत दी थी। अधिकतम तापमान 16.9 डिग्री दर्ज किया गया जो कि सामान्य से 4.6 डिग्री कम है।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि आने वाले दो दिनों में दिन में धूप व सुबह -रात का कोहरा बना रहेगा। बंगाल की खाड़ी का माश्चर फीड पूरे मध्य भारत में छा रहा है, जिसकी वजह से बादल छा रहे हैं। बादलों की वजह से दोपहर घना कोहरा बना रहेगा।
कोहरे के चलते विजिबिलिटी शून्य रह सकती है। अभी यह स्थितियां 24 से 48 घंटे बनी रहेंगी। नए साल में पहाड़ों में बर्फबारी हो सकती है, जिससे कानपुर में ठंडक बढ़ेगी।
मौसम ने आमजन के साथ साथ रेल परिवहन पर भी असर डाला है। 41 ट्रेनें घंटों देरी से कानपुुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पहुंची। लखनऊ से नई दिल्ली जाने वाली स्वर्ण शताब्दी (12003) 3.58 घंटे देरी से आई।
इसके अलावा बनारस से नई दिल्ली जाने वाली वंदेभारत एक्सप्रेस (22415) 11.55 घंटे व नई दिल्ली से बनारस जाने वाली वंदेभारत एक्सप्रेस (22416) 30 मिनट, बनारस से अगरतला जाने वाली वंदेभारत एक्सप्रेस (20175) 04.08 घंटे देरी से आई। इसके अलावा नई दिल्ली से लखनऊ जाने वाली तेजस एक्सप्रेस (82502) 9.41 घंटे देरी से आई। इसके अलावा राजधानी व शताब्दी समेत कई गाड़ियां लेट रहीं।