March 28, 2026

संवाददाता 
कानपुर। 
जाजमऊ फ्लाईओवर पर मौरंग से लदे ट्रक में  शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। आग लगने के बाद ट्रक करीब 100 मीटर तक हाईवे पर दौड़ता रहा। इस दौरान ट्रक में सवार चालक पप्पू पासवान, परिचालक बूदई और एक अन्य साथी ने सूझबूझ दिखाते हुए चलते ट्रक से कूदकर अपनी जान बचाई।
यह घटना रामादेवी से जाजमऊ की ओर जाने वाले फ्लाईओवर की है, जहां कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरा ट्रक धू-धू कर जलने लगा।
गोंडा निवासी चालक पप्पू पासवान ने बताया कि वह उरई से मौरंग लेकर गोंडा जा रहा था। रामादेवी पार करते ही ट्रक के केबिन में अचानक तार शॉर्ट हुआ। इस पर चालक और परिचालक ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सके। देखते ही देखते आग फैल गई और ट्रक आगे बढ़ता रहा। इस दौरान आग बुझाने के प्रयास में चालक के दोनों हाथ झुलस गए।
आग की लपटें तेज होते ही आसपास के लोग दहशत में आ गए। कुछ ही देर में ट्रक के एक-एक कर चारों टायर फट गए, जिससे जोरदार धमाके हुए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। फ्लाईओवर पर मौजूद लोग दूर भागने लगे। आग की भयावहता के चलते मौके पर भीड़ भी जमा हो गई।
घटना के बाद पुलिस ने सुरक्षा के लिहाज से रामादेवी से जाजमऊ आने वाले वाहनों को रोक दिया। इससे फ्लाईओवर पर करीब 6 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। राहगीर आनंद और मानस ने बताया कि वे लंबे समय तक जाम में फंसे रहे और वाहन रुक-रुककर चलते रहे। हाईवे पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।
चालक पप्पू पासवान ने बताया कि आग लगते ही वह घबरा गया और अपनी जान बचाने के लिए ट्रक से कूद गया। इस दौरान ट्रक में रखे करीब 20 हजार रुपए और दस्तावेज जलकर राख हो गए। आग इतनी तेज थी कि ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
आग की सूचना के बावजूद दमकल की गाड़ियां करीब 20 मिनट के बाद मौके पर पहुंचीं, जिससे आग से ज्यादा  नुकसान हुआ। लेकिन दमकलो के पहुंचने के बाद फायरकर्मियों ने करीब 15 मिनट में आग पर काबू पा लिया। 

फायर अधिकारी राहुल नंदन के मुताबिक घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है। जाम के कारण दमकल को दूसरे रास्ते से मौके तक पहुंचना पड़ा।