March 3, 2026

संवाददाता
कानपुर।
  शिवराजपुर कस्बे में दबंगई की एक सनसनीखेज घटना सामने आई। ऑटो पार्ट्स की दुकान में घुसकर लाठी-डंडों से की गई मारपीट और तोड़फोड़ का पूरा वीडियो सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
दुकान के मालिक, शिवराजपुर निवासी रशीद खान ने बताया कि वह अपने कर्मचारी समीर के साथ दुकान पर बैठे थे। तभी मोहल्ले के निगम यादव, अंकित यादव, सूरजपाल, अमन पाल, विकास, कुलदीप, आदी यादव, विनय, अनुज यादव और रविकांत सहित कई लोग लाठी, डंडे और रॉड लेकर दुकान में घुस आए और हमला कर दिया।
पीड़ित दुकानदार ने कहा कि आरोपियों ने उनकी और उनके कर्मचारी की बेरहमी से पिटाई की और दुकान में तोड़फोड़ की। इस दौरान उनकी जेब में रखे 1500 रुपये भी निकाल लिए। पीड़ित ने बताया कि दबंग गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देते रहे और कथित “मंत्री गैंग” का नाम लेकर हर सप्ताह 5 हजार रुपये रंगदारी देने की मांग करने लगे।
मारपीट की पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। फुटेज में आरोपियों के हाथों में लाठी-डंडे नजर आ रहे हैं और कर्मचारियों को पीटते हुए रिकॉर्ड किया गया। पीड़ित ने यह फुटेज पुलिस को सौंप दी।
घटना के बाद रशीद खान थाने पहुंचे और पूरी घटना की शिकायत की। 

थाना प्रभारी वरुण शर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाएगी।