
संवाददाता
कानपुर। शादीशुदा गर्लफ्रेंड से मिलने गए युवक का शव दबौली वेस्ट स्थित खारजा नहर के पास से गुजरे रेलवे ट्रैक के किनारे टुकड़ों में पड़ा मिला। युवक अपनी बड़ी बहन से कह कर निकला था कि दीदी आज गर्लफ्रेंड को साड़ी गिफ्ट दूंगा, किसी को बताना नहीं, एक घंटे के अंदर वापस आ जाऊंगा।
इसके बाद युवक की देर रात में बॉडी मिली, उसकी जेब से साथी फैक्ट्री कर्मी का आईडी कार्ड गोविंद नगर पुलिस को मिला, जिससे मृतक की पहचान हुई।
जरौली फेस–2 निवासी आदर्श शर्मा ऑयल टैंकर में क्लीनर था। परिवार में मां शशि, बड़ी बहन संध्या, सपना व छोटा भाई ऋषभ है। चाचा कमलेश व मामा महेंद्र कुमार ने बताया कि भतीजी सपना की शादी 7 फरवरी को औरैया निवासी अनुज से हुई थी। आज सपना की चौथी लेने के लिए जाना था। जिसके लिए आदर्श खरीदारी करने गया था। दोपहर में वह घर लौटा था।
परिजनों ने बताया कि करीब 2 साल पहले प्राइवेट फैक्ट्री में काम करने के दौरान आदर्श की एक युवती से मुलाकात हुई थी, जिसके बाद उनके प्रेम संबंध हो गए थे। चाचा कमलेश ने बताया कि 6 माह पहले आदर्श की प्रेमिका युवती की शादी हो गई थी।
आज आदर्श परिजनों से मां की दवाई लाने की बात कहकर निकला था। इस दौरान उसने अपनी बड़ी बहन संध्या से गुजैनी निवासी शादीशुदा प्रेमिका से मिलने जाने की बात कही थी।
आदर्श ने अपनी बहन से कहा था कि आज मैं प्रेमिका को साड़ी देने के लिए जा रहा हूं, किसी को मत बताना मैं एक घंटे में वापस आ जाऊंगा। इसके बाद आदर्श का शव दबौली से गुजरे रेलवे ट्रैक के किनारे देर रात कटा पड़ा मिला। राहगीरों की सूचना पर मौके पर पहुंची गोविंद नगर पुलिस ने शव की तलाशी ली, जिसमें आदर्श के दोस्त शिवम का आईडी कार्ड मिला। जिसके बाद शव की पहचान हुई।
परिजनों ने आरोप लगाया कि कुछ समय पहले भी आदर्श अपनी प्रेमिका से मिलने पहुंचा था, जिसपर उसका प्रेमिका के पति से झगड़ा हो गया था।
परिजनों ने प्रेमिका के पति पर हत्या कर शव फेंकने का आरोप लगाया है। मृतक का मोबाइल और पर्स भी गायब मिला है।
गोविंद नगर इंस्पेक्टर रिकेश कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है, तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।





