March 10, 2026

संवाददाता
कानपुर। 
बिल्हौर कस्बे में जीटी किनारे शराब ठेके के निकट एक व्यक्ति की नांद में गिरने से मौत हो गई। युवक की मौत से पत्नी और बच्चे बेसहारा हो गए। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
बिल्हौर कस्बे के महाराणा प्रताप नगर मोहल्ला निवासी रामकुमार पुत्र मुंशी बाजार में सब्जी बेचने का काम करते थे। उनके घर में पत्नी सुनीता दो बेटे संदीप, शानू और एक बेटी नेहा है।
परिजनों के अनुसार वह हर रोज की तरह बाजार में सब्जी की दुकान लगाए थे। रात में दुकान समेटने के बाद वह घर नहीं पहुंचे थे। रात लगभग 9:30 बजे उन्हें रेलवे स्टेशन के निकट जीटी रोड पर रोड़ किनारे जानवरों के पानी पीने के लिए बनी नांद में कूड़े में पड़े देखा गया।
सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने उन्हें उपचार के लिए एम्बुलेंस से सीएससी भिजवाया। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर परिजनों के पहुंचने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिवार के लोगों के अनुसार रामकुमार शराब के लती थे। लोगों ने उनके बाजार से दुकान हटाने के बाद शराब ठेके पर जाने और शराब पीने के बाद अधिक नशा होने से वहीं गिर जाने के कारण मौत होने की आशंका जाहिर की है। थाना प्रभारी अशोक कुमार सरोज के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट हो जाने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।