
आज़ाद संवाददाता
कानपुर। चकेरी में 5 माह की गर्भवती का शव फंदे पर लटका मिला। विवाहिता के शरीर पर चोटों के निशान मिले। परिजनों ने पति व सास पर हत्या कर शव फंदे पर लटकाने का आरोप लगाया। आरोप है कि खाने को लेकर बहू का सास से विवाद हुआ था, जिसके बाद घटना को अंजाम दिया गया।
राजा मार्केट, सैनिक नगर निवासी उमेश ने बताया कि उनकी 3 बेटियां आकांक्षा (26), रीता और दीपा है। आकांक्षा की शादी 17 नवंबर को परदेवनपुरवा निवासी राेहित वर्मा के साथ हुई थी। आकांक्षा 5 माह की गर्भवती थी। रोहित शराब ठेके पर सेल्समैन का काम करता है। उमेश ने बताया कि रक्षाबंधन के दिन बेटी, पति के साथ ममेरे भाईयों को राखी बांधने घर आई थी।
जिसके बाद शाम पांच बजे वह ससुराल चली गई थी। आज सुबह परिजनों को घटना की जानकारी हुई। रविवार रात आकांक्षा ने दुपट्टे से फंदा लगाकर जान दे दी। परिजनों का आरोप है कि खाने को लेकर बेटी का सास चैनावती से विवाद हो गया था, जिसके बाद पति ने उसके साथ मारपीट कर शव फंदे लटका दिया।
सूचना पर मौके पर पहुंची चकेरी पुलिस ने ससुरालीजनों को हिरासत में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। थाना प्रभारी चकेरी ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।






