March 6, 2026

संवाददाता
कानपुर।
  बिल्हौर ब्लॉक सभागार में एडीएम न्यायिक चंद्र शेखर की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ। इस दौरान एसडीएम संजीव कुमार दीक्षित, तहसीलदार अनुभव चंद्रा, एसीपी अमरनाथ यादव और नायब तहसीलदार सीपी राजपूत मौजूद रहे।

जन्माष्टमी की छुट्टी के कारण शनिवार की बजाय सोमवार को आयोजित हुए इस तहसील दिवस में जानकारी के अभाव के चलते फरियादियों की संख्या कम रही। कुल 63 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें से 5 शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया।
शांति नगर उत्तरीपूरा की दुर्गेश कुमारी ने पूरा चौकी इंचार्ज पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने बताया कि उनके बैनामा वाले मकान को विवादित बनाने का प्रयास किया जा रहा है। उनका कहना है कि वह 18 साल से इस मकान में रह रही हैं। राजू पाल ने 20 दिन पहले महिलाओं को भेजकर मारपीट करवाई। घर में ताला लगवा दिया गया है। अब ताला खोलने के लिए एक लाख रुपए की मांग की जा रही है।
शिवराजपुर की किरण तिवारी ने पकरा दुबियाना में अपने खेत की सरकारी नाली के संबंध में शिकायत की। उन्होंने बताया कि पड़ोसी काश्तकार मनोज ने नाली को तोड़कर अपने खेत में मिला लिया है। बार-बार शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं हुई।
मौजपुर गांव के इंद्रप्रकाश ने 2008 में भू प्रबंधन समिति से मिली पट्टे की जमीन पर कब्जा दिलाने की मांग की। अधिकांश शिकायतें भूमि विवाद और पुलिस से संबंधित थीं। अधिकारियों ने शेष 58 शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।