March 20, 2026

संवाददाता 

कानपुर।  एस कुमार परफ्यूमर्स के प्रतिष्ठानों पर इनकम टैक्स डिपार्टमेंट का सर्वे तीसरे दिन 62 घंटे बाद खत्म हो गया। सर्वे के दौरान आईटी डिपार्टमेंट को 15 करोड़ की टैक्स चोरी मिली है। फर्म संचालक ने पांच करोड़ रुपये जमा करा दिए हैं। आईटी की जांच में बिठूर, दिल्ली, नोएडा, मुंबई समेत कई बड़े शहरों में जमीन, फ्लैट, कृषि भूमि आदि संपत्तियां की खरीद के दस्तावेज मिले हैं। इन अचल संपत्तियों की भी विभाग जांच करेगा।
परफ्यूमर्स के प्रतिष्ठानों पर शुरु हुआ सर्वे 62 घंटे तक चला। पान मसाला कारोबारियों के साथ 80 प्रतिशत कारोबार कच्चे पर्चे और नकदी में होता मिला। जांच में यह भी सामने आया कि कारोबारी लग्जरी कारों के भी शौकीन हैं। रेंज रोवर, मर्सिडीज आदि कारों की जानकारी मिली। हालांकि, इन्हें एंट्री बुक्स में दिखाया गया था।
परफ्यूम कारोबारी के एक्सप्रेस रोड स्थित कार्यालय, कैनाल रोड, हरबंश मोहाल में पुराने मकान में बने गोदाम के अलावा स्वरूपनगर समेत छह जगह आयकर विभाग ने गुरुवार दोपहर से सर्वे शुरु किया था। आईटी को सर्वे के दौरान अधिक मुनाफा होने के बावजूद कम टैक्स देने के अलावा खरीद-फरोख्त में भी बड़े स्तर पर गड़बड़ियों के सबूत मिले हैं।
सर्वे के दौरान आईटी के अधिकारियों ने कारोबारी के अलावा कर्मचारियों के बयान भी दर्ज किए। सूत्रों के अनुसार पान मसाला व तंबाकू कारोबारियों के साथ मिलकर इनकम टैक्स की चोरी को अंजाम दिया गया। इस कमाई से ही बड़े शहरों में जमीन, फ्लैट खरीदे गए। वहीं, कच्चे माल के स्टॉक में भी अंतर मिला है। तीन से चार करोड़ का कच्चा माल ज्यादा मिला। 

कारोबारी के प्रतिष्ठान से सर्वे के दौरान एक खुफिया कमरा भी मिला था। इसके बारे में फर्म संचालक कुछ भी नहीं बता पाए। बताया जा रहा है कि करोड़ों की आमदनी रियल इस्टेट में खपाई गई। अधिकारी बड़े स्तर पर कागजात भी साथ ले गए। बताया गया कि इनकी जांच के बाद कई अहम जानकारियां सामने आ सकती हैं। 

Related News