February 7, 2026

संवाददाता 

कानपुर।  चाइनीज मांझे से लगातार हो रही घटनाओं मे राह चलते वाहन चालकों के घायल होने से लेकर मौत तक की घटनाए शामिल हैं। विगत वर्षों में इस पर प्रदेश सरकार ने इस पर बैन लगा रखा है। बैन लगाने के बाद भी इसके प्रयोग को रोका नही जा पा रहा है। जबकि बैन लगने के बावजूद भी यह मांझा तस्करी द्वारा नेपाल से लगे सीमावर्ती क्षेत्रों से  लाया जा रहा है और इसकी बिक्री अनवरत जारी है।  जबकि पूर्व में चाइनीज मांझे के द्वारा हुई राहगीरों की गर्दन कट जाने से दर्दनाक मौत होने पर शासन ने संज्ञान लेते हुए प्रशासन को निर्देशित किया था कि प्रतिबंधित होने के बाद भी यह कैसे बिक रहा है। छापेमारी करके इस प्रतिबंधित माल को बरामद करके नष्ट किया जाए। परंतु प्रशासन द्वारा एक दो दिन की फ़ौरी कार्रवाई करके मामले में इतिश्री कर दी जाती है।

चाइनीज मांझे को महामारी का रूप लेते देख लोकसभा में सांसदों द्वारा यह मामला उठाया गया, जिसमें सभी दल शामिल है। 

अभी दिल्ली के भाजपा सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी के  23 जनवरी को दिए गए चाइनीज मांझे पर सख्त तरीके से रोक लगाने के बयान के बाद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसको गंभीरता से लिया है। 

गुरुवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री ने इससे होने वाली घटनाओं पर कड़ा रुख अपनाते हुए इसे अपराध की श्रेणी में डालने के निर्देश दे दिए।  पूरे प्रदेश में रोक लगाने के बाद भी चाइनीज मांझे के बिकने पर उन्होंने पुलिस महकमे के अधिकारियों को लताड़ लगाई है। मुख्यमंत्री ने गुरुवार को चाइनीज मांझे से हो रही मौतों को हत्या मानने की बात कही है और पूरे प्रदेश में इसकी बिक्री करने वालों के खिलाफ सघन कार्रवाई अभियान चलाने के निर्देश दिए है।

उत्तर प्रदेश में चाइनीज मांझे को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सख्त तेवरों के बाद अब ज़मीनी स्तर पर कार्रवाई तेज होती दिख है। इसी कड़ी में कानपुर में पुलिस ने बड़ा चेकिंग अभियान चलाया है ।  

मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद कानपुर में पुलिस ने शहर के बाजारों में व्यापक चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस टीमों ने पतंग और मांझा बेचने वाली दुकानों पर पहुंचकर तलाशी ली और यह सुनिश्चित किया कि कहीं भी चाइनीज मांझे की बिक्री या भंडारण तो नहीं हो रहा है। चेकिंग के दौरान कई इलाकों में दुकानदार शटर बंद करके मौके से गायब नजर आए, जिससे बाजारों में हड़कंप मचा रहा। 

जबकी प्रशासन की छानबीन के बाद भी चाइनीज मांझा सड़को पर खुलेआम लहरा रहा था। आज ही नगर के सघन व्यापारिक क्षेत्र जनरलगंज के व्यवसाई राम कुमार साहू ने बताया कि दोपहर 3 बजे घने बाजार जनरलगंज से गुजरते समय चाइनीज मांझा उनके सीने में लिपट गया। हालांकि जैकेट पहने होने के कारण उन्हें गंभीर चोट नहीँ आई।

Related News