
संवाददाता
कानपुर। कल्याणपुर ब्लॉक में आवारा पशुओं की समस्या दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। मकसूदाबाद समेत टिकरा, नौरंगाबाद, लोहारखेड़ा, निवारी, अलमापुर और रैकेपुर सहित एक दर्जन से अधिक गांवों में किसान इस समस्या से जूझ रहे हैं।
आवारा पशु दिन में सड़कों पर घूमते रहते हैं, जिससे राहगीरों को दुर्घटना का खतरा बना रहता है। रात के समय ये पशु खेतों में घुसकर फसलों को नुकसान पहुंचाते हैं। किसानों को अपनी फसलों की सुरक्षा के लिए रात में खेतों में पहरा देना पड़ रहा है।
स्थानीय किसान नन्हे कुमार, श्याम जी, किसान नेता अनूप सिंह और टिल्लू ठाकुर सहित अन्य किसानों ने प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है। उनकी मांग है कि आवारा पशुओं को पकड़कर गौशाला में रखा जाए।
प्रदेश सरकार पशु संरक्षण के लिए करोड़ों रुपए खर्च कर रही है। लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों की लापरवाही के कारण आवारा पशु सड़कों पर भटक रहे हैं। इस समस्या के समाधान से क्षेत्र के किसानों और राहगीरों को राहत मिल सकेगी।






