March 15, 2026

संवाददाता 
कानपुर। 
उत्तर प्रदेश पुलिस उपनिरीक्षक परीक्षा को देखते हुए विशेष ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया गया है। परीक्षार्थियों की संभावित भीड़ को संभालने के लिए कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर व्यवस्थाएं की गई हैं।
रेलवे के अनुसार, प्रमुख स्टेशनों पर होल्डिंग एरिया बनाए गए हैं। मंडल स्तर पर बनाए गए वार रूम से सभी स्टेशनों की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जाएगी। स्टेशनों पर वाणिज्य विभाग और रेलवे सुरक्षा बल की संयुक्त टीमें भीड़ नियंत्रण और यात्रियों को सहायता देने के लिए तैनात रहेंगी।
परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए प्रयागराज, कानपुर सेंट्रल, अलीगढ़ और इटावा स्टेशनों पर रिजर्व रेक तैयार रखे गए हैं। आवश्यकता पड़ने पर इनसे स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी। इसके अलावा कुछ मेमू ट्रेनों के टर्मिनल स्टेशन बढ़ाने और अतिरिक्त ठहराव देने की भी योजना है।
यूपी एसआई परीक्षा को देखते हुए रेलवे ने 14 और 15 मार्च को कई ट्रेनों के समय में बदलाव किया है। साथ ही परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए कई स्पेशल ट्रेनों के संचालन की भी व्यवस्था की गई है।
रेलवे के अनुसार गाड़ी संख्या 64613 झांसी–बांदा अब अपने निर्धारित समय 12:30 बजे की जगह 13:30 बजे प्रस्थान करेगी। वहीं 64611 झांसी–मानिकपुर ट्रेन 17:25 की बजाय 18:30 बजे रवाना होगी। 64615 ललितपुर–झांसी ट्रेन 18:00 के स्थान पर 18:30 बजे चलेगी और 64614 बांदा–झांसी ट्रेन 17:30 की जगह 18:30 बजे प्रस्थान करेगी।
परीक्षार्थियों की भीड़ को देखते हुए झांसी से कानपुर के बीच दो विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी। ये ट्रेनें एट, उरई, कालपी, पुखरायां और भीमसेन स्टेशनों पर ठहरेंगी। इसके अलावा झांसी–मानिकपुर, महोबा–मानिकपुर, बांदा–मानिकपुर और ललितपुर–झांसी रूट पर भी स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी।
इन व्यवस्थाओं के चलते 11802 प्रयागराज–ग्वालियर ट्रेन 14 और 15 मार्च को झांसी–बांदा रेलखंड के बीच करीब 75 मिनट देरी से चलेगी।
अभ्यर्थियों की भीड़ को देखते हुए 14 और 15 मार्च के लिए कुछ ट्रेनों के प्रस्थान समय में बदलाव किया गया है।
रेल प्रशासन ने सभी विभागों को समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे स्टेशन पर समय से पहले पहुंचें और रेलवे कर्मचारियों के निर्देशों का पालन करें। 

Related News