
संवाददाता
कानपुर। नरवल तहसील में एक किसान ने लेखपाल और कानूनगो पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
ग्राम रातेपुर के किसान राम सागर ने एसडीएम विवेक मिश्रा को बताया कि अधिकारियों ने उनकी जमीन की फर्जी पैमाइश की है। राम सागर ने बताया कि उनकी जमीन पर चकबंदी का मुकदमा चल रहा है। लेखपाल और कानूनगो ने पैमाइश के लिए 3,500 रुपये की मांग की थी। किसान ने यह राशि कानूनगो को दे दी थी। इसके बाद उन्होंने एसडीएम से शिकायत की।
एसडीएम के निर्देश पर कानूनगो ने पूरी रकम वापस कर दी। लेकिन शिकायत से नाराज होकर दोनों अधिकारियों ने किसान की जमीन की फर्जी पैमाइश कर दी। उन्होंने खेत में जबरदस्ती नाला भी खुदवा दिया, जबकि नक्शे में कोई नाला दर्ज नहीं है।
पीड़ित किसान ने दोबारा एसडीएम से मिलकर न्याय की गुहार लगाई ।
एसडीएम विवेक कुमार मिश्रा ने इस मामले में जांच के आदेश दे दिए हैं। उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारियों को जांच कर कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया है।






