December 8, 2025

संवाददाता

कानपुर। शिवराजपुर के खेरेश्वर गंगा तट पर श्रद्धालुओं और पुलिस के बीच विवाद हो गया। 

रविवार रात से ही गंगा स्नान और खेरेश्वर महादेव के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी थी। व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल, भारत स्काउट गाइड की टीम के करीब तीन दर्जन स्वयंसेवक तैनात थे। गंगा रोड तिराहे पर एक श्रद्धालु के फिसलकर गिरने से विवाद शुरू हुआ। कुछ श्रद्धालुओं का आरोप था कि पुलिस की लाठी लगने से व्यक्ति गिरा।

एसीपी अमरनाथ यादव ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में श्रद्धालु का पैर फिसलकर गिरना दिख रहा है। मदद के लिए पहुंचे स्काउट गाइड कार्यकर्ता की कुछ शरारती तत्वों ने पिटाई कर दी। बचाव में आए होमगार्ड को भी पीटा गया।
स्थिति बिगड़ती देख पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा। कुछ उपद्रवी थाने पहुंच गए। एक युवक ने महिला हेल्प डेस्क का शीशा तोड़ दिया और खुद भी घायल हो गया। पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर किया। घायल श्रद्धालु को अस्पताल भेजा गया है। अराजकता फैलाने वालों को हिरासत में लेकर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।