March 12, 2026

संवाददाता
कानपुर।
  घाटमपुर में 6 साल की बच्ची से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। इस वारदात को पास में ही रहने वाले 14 वर्षीय एक किशोर ने अंजाम दिया। घटना उस समय हुई जब बच्ची घर पर अकेली थी। आरोपी किशोर पीड़िता के पड़ोस में ही रहता है।
पीड़िता की मां ने थाने में दर्ज कराई शिकायत में बताया कि वह दोपहर में खेत में धान की रोपाई करने गई थी। उनके पति ट्रक चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। इस दौरान उनकी बेटी घर पर अकेली थी। आरोपी किशोर ने बच्ची को बिस्कुट का लालच देकर घर के अंदर बुलाया और दुष्कर्म किया।
शाम को जब मां घर लौटी तो बच्ची ने उन्हें पूरी घटना बताई। इसके बाद मां अपनी बेटी को लेकर थाने पहुंची। पुलिस ने पीड़िता की मां की शिकायत पर पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
घाटमपुर इंस्पेक्टर धनंजय कुमार पांडेय ने बताया कि पुलिस ने पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया है। आरोपी किशोर की तलाश की जा रही है। पुलिस जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लेगी।