March 8, 2026

संवाददाता
कानपुर।
  ग्रीनपार्क स्टेडियम में 8 साल बाद होने जा रहे वनडे मुकाबले के लिए इंडिया ए टीम घोषित कर दी गई है। इसमें टीम की कमान रजत पाटीदार के हाथों में दी गई है। इस बार दर्शकों को एशिया कप से लौटे चार खिलाड़ियों का जलवा ग्रीनपार्क में देखने को मिलेगा।
30 सितंबर से शुरू हो रही भारत-ए और ऑस्ट्रेलिया-ए की वनडे सीरीज के लिए बीसीसीआई ने टीम का ऐलान कर दिया है। खास बात यह है कि पहले मैच की कप्तानी रजत पाटीदार करेंगे, जबकि दूसरे और तीसरे वनडे में कमान तिलक वर्मा के हाथों में होगी।
बीसीसीआई द्वारा जारी सूची के मुताबिक पहले वनडे के लिए टीम में प्रभसिमरन सिंह, रियान पराग, आयुष बदोनी, सूर्यांश शेडगे, विप्रज निगम, निशांत सिंधु, गुरजापनीत सिंह, युद्धवीर सिंह, रवि बिश्नोई, अभिषेक पोरेल, प्रियांश आर्य और सिमरजीत सिंह जैसे युवा खिलाड़ियों को शामिल किया गया है। वहीं दूसरे और तीसरे मैच में एशिया कप से लौटे अभिषेक शर्मा और अर्शदीप सिंह भी टीम का हिस्सा होंगे। इन दोनों मैचों में रजत पाटीदार उपकप्तान की भूमिका निभाएंगे।
ग्रीनपार्क में 30 सितंबर को पहला वनडे खेला जाएगा, जबकि दूसरा और तीसरा मुकाबला क्रमशः 3 और 5 अक्टूबर को होगा। सभी मैच दोपहर 1:30 बजे से शुरू होंगे।
उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन ने इन मुकाबलों को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। टूर्नामेंट डायरेक्टर डॉ. संजय कपूर ने बताया कि मैच की सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
इस सीरीज को लेकर खिलाड़ियों और दर्शकों में बहुत उत्साह है क्योंकि एशिया कप के बाद यह पहला बड़ा अवसर होगा जब युवा खिलाड़ी घरेलू मैदान पर अपनी प्रतिभा दिखा सकेंगे।
वहीं, राष्ट्रीय चयनकर्ताओं की निगाहें भी इस सीरीज पर टिकी रहेंगी क्योंकि 18 अक्टूबर से भारतीय टीम को ऑस्ट्रेलिया में तीन वनडे मैचों की सीरीज खेलनी है। ऐसे में ग्रीनपार्क में होने वाले ये मुकाबले खिलाड़ियों के लिए अपनी दावेदारी मजबूत करने का बड़ा मौका साबित होंगे।