
संवाददाता
कानपुर। दिवाली के बाद अब रेलवे ने छठ पर्व के अवसर पर यात्रियों की सुविधा के लिए कई विशेष ट्रेनों का संचालन करने का निर्णय लिया है। ये ट्रेनें कानपुर सेंट्रल और गोविंदपुरी स्टेशनों से होकर गुजरेंगी। इन ट्रेनों के आरक्षण गुरुवार से शुरू हो गए।
उत्तर-मध्य रेलवे प्रयागराज मंडल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शशिकांत त्रिपाठी ने बताया कि ट्रेन संख्या 04837 और 04838 जोधपुर-कोलकाता विशेष साप्ताहिक ट्रेनें होंगी। जोधपुर से यह ट्रेन 24 अक्तूबर से हर शुक्रवार को चलेगी, जबकि कोलकाता से 26 अक्तूबर से हर रविवार को इसका संचालन होगा।
जोधपुर से यह ट्रेन रात 12:10 बजे चलकर अगले दिन शनिवार दोपहर 2:10 बजे गोविंदपुरी पहुंचेगी। वापसी में, कोलकाता से रविवार दोपहर 3:25 बजे चलकर यह ट्रेन सोमवार दोपहर 1:55 बजे गोविंदपुरी पहुंचेगी।
इसके अतिरिक्त ट्रेन संख्या 05035 बढ़नी-पुणे अनारक्षित त्योहार स्पेशल ट्रेन 23 अक्तूबर से हर गुरुवार को चलेगी। यह ट्रेन गुरुवार दोपहर 2:30 बजे कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर पहुंचेगी।
वहीं, ट्रेन संख्या 05039 अनारस-उधना अनारक्षित ट्रेन का संचालन 22 अक्तूबर से शुरू होगा। इसी तरह, ट्रेन संख्या 05041 छपरा-उधना अनारक्षित ट्रेन भी 22 अक्तूबर से हर बुधवार को चलेगी।
आरपीएफ की सुरक्षा में अतिरिक्त जवान तैनात
भीड़ को नियंत्रित करने और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आरपीएफ को प्रयागराज मंडल से रेलवे प्रोटेक्शन स्पेशल फोर्स के 100 जवान मिले हैं। यह जवान दीपावली की रात कानपुर पहुंचे और सीपीसी माल गोदाम की बैरक में ठहराए गए। ये जवान छठ पर्व के बाद 30 अक्तूबर तक यहां रहेंगे।
आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक एसएन पाटीदार ने बताया कि जवानों की तैनाती बिहार और पूर्वांचल की ओर जाने वाली ट्रेनों में स्कॉर्ट के रूप में की गई है। इसके अलावा कुछ जवान कानपुर सेंट्रल स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर गश्त कर रहे हैं और यात्रियों को सहायता प्रदान कर रहे हैं।






