
संवाददाता
कानपुर। द स्पोर्ट्स हब में आयोजित केके शर्मा मेमोरियल यूपी स्टेट क्लोज स्क्वैश रैकेट चैंपियनशिप में धामपुर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई। प्रतियोगिता में धामपुर के राघव वशिष्ठ और फाबिया नफीस ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए दो-दो खिताब अपने नाम किए।
राघव वशिष्ठ ने पुरुष वर्ग के साथ-साथ बालक अंडर-19 वर्ग में भी विजेता बनकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। वहीं, फाबिया नफीस ने महिला वर्ग और बालिका अंडर-17 वर्ग में खिताब जीतकर दोहरा ताज हासिल किया। दोनों खिलाड़ियों के आत्मविश्वास, फिटनेस और तकनीकी कौशल की खेल प्रेमियों और विशेषज्ञों ने जमकर सराहना की।
यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता टीएसएच और कानपुर स्क्वैश रैकेट एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित की गई, जिसमें प्रदेश भर के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता का समापन समारोह भव्य रूप से आयोजित हुआ, जिसमें उत्तर प्रदेश औद्योगिक विभाग की सह प्रबंधक अर्चना मुख्य अतिथि रहीं। उन्होंने विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी और पुरस्कार प्रदान किए।
इस मौके पर कानपुर स्क्वैश रैकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष सुशील शर्मा ने मुख्य अतिथि सहित यूपी स्क्वैश रैकेट एसोसिएशन के सचिव विनय पांडे और टीएसएच के सीईओ प्रणित अग्रवाल के प्रति आभार व्यक्त किया।
धामपुर के अन्य खिलाड़ियों ने भी विभिन्न आयु वर्गों में शानदार प्रदर्शन किया। अंडर-11 वर्ग में अगम तोमर, अंडर-13 में काव्य शंकर, अंडर-15 में आरुष शर्मा और अंडर-17 वर्ग में अभिनव तोमर ने खिताब अपने नाम किए।
बालिका अंडर-17 के फाइनल मुकाबले में फाबिया नफीस ने अरोमा को हराया, जबकि महिला वर्ग के फाइनल में उन्होंने खुशबू को पराजित कर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
राष्ट्रीय स्तर के निर्णायकों की मौजूदगी में संपन्न हुई इस प्रतियोगिता ने प्रदेश में स्क्वैश खेल के बढ़ते स्तर को दर्शाया और धामपुर को एक उभरते हुए खेल केंद्र के रूप में स्थापित किया।






