
संवाददाता
कानपुर। नगर निगम मुख्यालय में कार्यकारिणी की बैठक संपन्न हुई। बैठक में संपत्तियों के नामांतरण शुल्क में कटौती की गई है। अब महज 6500 रुपए में संपत्तियों का नामांतरण होगा। इसके अलावा पनकी कूड़ा प्लांट में लगे कूड़े के पहाड़, सड़कों को रोशन करने के लिए रोड लाइट व होली उत्सव का आयोजन करने समेत कई अहम फैसले हुए।
मेयर प्रमिला पांडेय ने बताया कि पनकी में जो कूड़े का अंबार लगा है, उसको खत्म करने पर फैसला हुआ है। सीयूजीएल ने प्रस्ताव दिया था कि यह हमको दे दिया जाए, इससे हम गैस बनाएंगे। यह प्रस्ताव नगर आयुक्त के पास आया था। यह शहर के स्वास्थ्य का मामला है। जैसे एटूजेड और लाइट वाली कंपनी भाग गई ऐसा न हो। जो कास्ट आ रही है, उसका 10 प्रतिशत नगर निगम में जमा किया जाए तो उसको पास कर दिया जाएगा। नगर आयुक्त ने अधिकारियों को बुलाकर बैठक करने को कहा गया है।
वहीं, नामांतरण शुल्क घटाने को लेकर भी अहम फैसला हुआ है। मार्च महीने की एक तारीख से 6500 रुपए नामांतरण शुल्क जमा करके संपत्ति का नामांतरण करा सकते हैं। अभी तक यह शुल्क संपत्ति की कीमत का एक प्रतिशत था।
मेयर ने कहा कि शहर की जनता को जो इसको जमा करने में दिक्कत हुई, उसके लिए मैं खेद प्रकट करती हूं। नामांतरण के नाम पर ज्यादा शुल्क दे चुके लोगों की शुल्क वापसी कर कहा कि उसको भी देखा जाएगा।
शहर की सड़कों को रोडों को रोशन करने के लिए पार्षदों के द्वारा रोड लाइट लगने के प्रस्ताव को भी पास किया गया है।
कार्यकारिणी में फैसला हुआ कि नगर निगम एक बड़े होली उत्सव का आयोजन करेगा। इस उत्सव को साल 2026 की होली से ही मनाया जाएगा। संभावित है कि 10 मार्च को गंगा मेला के बाद इस आयोजन को किया जाएगा। इसमें सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे, इसके अलावा कई हस्तियों को भी बुलाया जाएगा।






