December 7, 2025

संवाददाता
कानपुर।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिल्हौर में प्रसव के लिए आई गर्भवती महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई। महिला की अचानक तबीयत बिगड़ने पर डॉक्टरों ने उसे कानपुर रेफर किया, लेकिन वाहन मिलने में हुई देरी के चलते उसने दम तोड़ दिया। परिजनों ने डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।
जानकारी के अनुसार, कन्नौज जनपद के मोचीपुर गांव निवासी सोनू गौतम अपनी पत्नी गुड़िया को डिलीवरी के लिए बिल्हौर सीएचसी लेकर पहुंचे थे। देर रात महिला की तबीयत अचानक बिगड़ गई। ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर ने हालत नाजुक देखकर उसे एलएलआर अस्पताल कानपुर रेफर कर दिया। वाहन लाने में करीब एक घंटे की देरी हुई और तब तक महिला की मौत हो गई।
महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजन आक्रोशित हो उठे और डॉक्टर पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और समझा-बुझाकर परिजनों को शांत कराया।
थाना प्रभारी अशोक कुमार सरोज ने बताया कि मृतका के मायके या ससुराल पक्ष से किसी ने कोई लिखित शिकायत नहीं दी है। दोनों पक्षों की मौजूदगी में आवश्यक कार्यवाही पूरी करके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।