February 26, 2026

संवाददाता 

कानपुर। कल सजेती के मढ़ा गांव में दलित का घर फूंक दिया गया था । मामूली विवाद में पूरे परिवार पर जानलेवा हमला हुआ। इस घटना के मुख्य आरोपी प्रधान के दबंग बेटे अभय यादव को पुलिस ने 24 घंटे बाद अरेस्ट कर लिया और अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।
कानपुर जिला मुख्यालय से करीब 65 किलोमीटर की दूरी पर स्थित सजेती थाना क्षेत्र के मढ़ा गांव में दलित का घर जलाया गया था। 

पीड़ित महेश चन्द्र ने बताया कि सरगांव ग्राम प्रधान अजीत सिंह का बेटा दोपहर ट्रैक्टर-ट्रॉली में भूसा लादकर ले जा रहा था। इस दौरान घर के बाहर खड़ी मिक्चर मशीन में ट्रॉली टकरा गई। इस बात को लेकर उसकी पत्नी भाग्यवती के साथ कहासुनी हो गई। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पुलिस पहुंची तो हम दोनों ने आपस में समझौता कर लिया।
देर शाम ग्राम प्रधान का बेटा अभय अपने 10 से 12 साथियों संग 6 बाइकों से गांव पहुंचा और आते ही गाली-गलौज करने लगा। जब उनके बेटे शिवम् ने विरोध किया तो मारपीट होने लगी। आरोप है, कि इसी बीच अभय ने साथियों संग मिलकर उनके परिवार को जमकर पीटा और घर के बाहर रक्खे छप्पर में आग लगा दी।
इस घटना के बाद आरोपी गांव के लोगों को धमकी देकर गए थे, कि किसी से इस बारे में कहा तो उसका भी यही हाल होगा। इस बात से गांव के लोगों में दहशत है। तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस बल को तैनात किया गया है।

मारपीट और अग्निकांड से पीड़ित मढ़ा गांव निवासी महेश ने दर्ज कराए मुकदमे में बताया कि उनकी पत्नी भाग्यवती, पुत्र शिवम, ज्ञानेंद्र पुत्र मैयादीन और अशोक पुत्र फूलचंद के ऊपर सरगांव ग्राम प्रधान के बेटे अभय सिंह ने अपने दोस्त रिशु यादव पुत्र गुलाब यादव, नाथू यादव पुत्र संतोष यादव, बेटू यादव पुत्र पिंटू समेत एक दर्जन दोस्तो संग उनके परिवार पर फरसा, लाठी और चाकू जैसे धारदार हथियारों से हमला कर दिया। आरोप है, कि हमलावरों ने जातिसूचक गालियां दीं और घर के बाहर रखे छप्पर में आग लगा दी तथा लूटपाट भी की।
हमले में चारों लोगों के सिर, गर्दन, हाथ-पैर समेत शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। जहां डाक्टर ने प्राथमिक उपचार कर गंभीर घायलों को कानपुर रेफर कर दिया है। 

पुलिस ने तहरीर के आधार पर एससी एसटी समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की थी, देर शाम पुलिस ने मुख्य आरोपी अभय सिंह को गिरफ्तार करके गहनता से पूछताछ शुरू की है।
घाटमपुर विधायक सरोज कुरील से मिलने पीड़ित महेश चन्द्र घाटमपुर आया। कहा कि वे लोग घटना के बाद सहमें हुए हैं। कहा कि दबंगों ने रात में जमकर उत्पात मचाया और धमकी दी है। इससे वे भविष्य को लेकर डरे हुए हैं। 

विधायक सरोज कुरील ने बताया कि पीड़ित पक्ष खासकर महिलाओं ने उनसे अपना कष्ट बयां किया है।
आरोपितों ने महिलाओं को ट्रैक्टर में डालकर ले जाने की धमकी दी, उनके छीनाझपटी की, कान के बाले नोच लिए, उन्हें काट लिया इन सब का जिक्र दर्ज हुए मुकदमे में नहीं किया है। 

विधायक ने कहा कि उन्होंने पुलिस अधिकारियों से महिलाओं के बयान लेकर उसके हिसाब से दर्ज मुकदमें में धाराएं बढ़ाने को कहा है।
घाटमपुर एसीपी कृष्णकांत यादव ने बताया कि मुकदमा दर्ज करके घटना की जांच की जा रही है। मुख्य आरोपी अभय को गिरफ्तार किया गया है। अन्य की तलाश में पुलिस की टीमें संभावित जगहों पर दबिश दें रही है।