February 18, 2026

संवाददाता 
कानपुर। 
 पुलिस अपने नेटवर्क को स्ट्रांग करने के लिए पब्लिक के बीच जाकर अब गली क्रिकेट मैच खेलेगी। गली क्रिकेट के पहले दिन ही पुलिस कमिश्नर ने चमनगंज की गलियों में मोहल्ले के लोगों के साथ क्रिकेट खेलकर कम्युनिटी पुलिसिंग का शुभारंभ किया। अब इसी तर्ज पर कानपुर पुलिस अलग-अलग इलाकों में पब्लिक के साथ मैच खेलकर अपने संबंधों को पब्लिक के बीच बेहतर करेगी। इससे कम्युनिटिंग पुलिसिंग को बेहतर किया जा सकेगा।
कानपुर पुलिस कमिश्नर अखिल कुमार ने बताया कि पहले दिन गली क्रिकेट मैच का शुभारंभ चमनगंज से किया गया। इसमें टीम सीपी 11 बनाम टीम चमनगंज 11 के बीच क्रिकेट खेला गया। टीम सीपी 11 की कप्तानी पुलिस कमिश्नर अखिल कुमार ने स्वयं की। टीम में उनके साथ डीसीपी सेन्ट्रल दिनेश कुमार त्रिपाठी, डीसीपी मुख्यालय, क्राइम एसएम कासिम आबिदी, एडिशनल डीसीपी श्राजेश श्रीवास्तव, एसीपी मंजय सिंह, चमनगंज थाना प्रभारी, सीसामऊ एसओ समेत कई पुलिस कर्मी मौजूद रहे। इस दौरान पुलिस कमिश्नर अखिल कुमार ने जमकर चौके-छक्के लगाए, तो बेहतरीन बॉलिंग करके एक के बाद एक विकेट भी चटकाए। वहीं, दूसरी तरफ मैच खेल रहे युवाओं ने भी पुलिस कमिश्नर के साथ अन्य अफसरों के एक के बाद एक विकेट चटकाए।
टीम चमनगंज 11 स्थानीय युवाओं की टीम थी, जिन्होने उत्साहपूर्वक खेल में भाग लिया। इस रोमांचक मुकाबले में चमनगंज 11 ने एक ओवर शेष रहते सीपी 11 को हराकर जीत दर्ज की।
वहीं, दूसरी तरफ एक अन्य मैच टीम पब्लिक 11 बनाम टीम एसीपी 11के बीच थाना गुजैनी क्षेत्र में खेला गया। यह मैत्रीपूर्ण क्रिकेट मैच थाना गुजैनी क्षेत्र के बर्रा 8 के  डी ब्लॉक में खेला गया। एसीपी इलेवन और पब्लिक इलेवन के बीच 10-10 ओवर का मैच हुआ। एसीपी नौबस्ता चित्रांशु गौतम ने 24 रनों की पारी खेली, तो एस ओ गुजैनी ने चार विकेट झटके। पब्लिक इलेवन की तरफ से राहुल कुमार ने सर्वाधिक 30 रन बनाए। कांटे के मैच में पब्लिक इलेवन ने एसीपी इलेवन को हराया। 

यह मैच देख रहे डीसीपी दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी और एडीसीपी महेश कुमार ने दोनों टीमों का उत्साह वर्धन किया। 

Related News