
संवाददाता
कानपुर। नगर पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने शनिवार को उप निरीक्षक सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने परीक्षा के दौरान इन केंद्रों का जायजा लिया।
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित इस परीक्षा के लिए कानपुर नगर में कई केंद्र बनाए गए थे। इनमें कैलाशनाथ बालिका इंटर कॉलेज, दयानंद एंग्लो वैदिक कॉलेज, जीजीआईसी और बीएनएसडी शामिल हैं। पुलिस आयुक्त ने इन सभी केंद्रों पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान, पुलिस आयुक्त ने परीक्षा केंद्रों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली का परीक्षण किया। उन्होंने कंट्रोल रूम का भी दौरा किया और सुरक्षा तथा व्यवस्था संबंधी तैयारियों की समीक्षा की।
इस अवसर पर ड्यूटी पर तैनात सभी पुलिस कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उन्हें परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी, शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया।






