
संवाददाता
कानपुर। घाटमपुर क्षेत्र में बीते 15 दिनों से ड्रोन उड़ने की अफवाहें चल रही हैं। जिसके चलते ग्रामीण हाथों में लाठी डंडे लिए रात-रात भर जागकर गांव की रखवाली कर रहे हैं। पुलिस ने ग्रामीणों को समझाया है कि अफवाहों पर ध्यान न दें पुलिस की टीमें रात भर क्षेत्र में गश्त कर रही हैं। घाटमपुर एसीपी कृष्णकांत यादव ने ग्रामीणों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।
घाटमपुर एसीपी कृष्णकांत यादव ने बताया कि घाटमपुर सर्किल क्षेत्र में बीते 15 दिनों से ड्रोन उड़ने की सूचनाए आ रही थी, इसके बाद से ग्रामीण डरे हुए है। ग्रामीणों को आशंका है, कि ड्रोन से निगरानी के बाद चोर घरों में चोरी कर रहे हैं। जिसके चलते उन्होंने घाटमपुर सर्कल के सभी चौकी प्रभारियों के संग बैठक की इसके बाद उन्होंने सभी को आवश्यक दिशा निर्देश दिए हैं उन्होंने कहा की पुलिस की टीमें रात में गांव-गांव गस्त करें और लोगों को सुरक्षा का एहसास दिलाए।
इसके साथ ही देर रात गांव में घूम रहे संदिग्धों से पूछताछ करें। उन्होंने बताया कि ड्रोन की अफवाह के चलते उन्होंने सर्किल क्षेत्र के सभी चौकी प्रभारियों से ग्राम प्रधानों व संभ्रांत व्यक्तियों के साथ बैठक कर उन्हें अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील करने को कहा है। उन्हें जागरूक करने के लिए कहा है, कि ड्रोन जैसा कुछ भी नहीं है, अफवाहों पर ध्यान ना दें।
घाटमपुर एसीपी कृष्णकांत यादव ने ग्रामीणों से अपील की है, कि वह ड्रोन की अफवाहों पर ध्यान न दें और अपने-अपने घरों में सुरक्षित रहे। रात में अनावश्यक बाहर न निकले, पुलिस की टीमें लगातार क्षेत्र में रात्रि गश्त कर रही हैं। अगर किसी को कहीं कुछ संदिग्ध दिखाई दे तो पुलिस को सूचना दें।






