
संवाददाता
कानपुर। नरवल तहसील के सरसौल और भीतरगांव ब्लॉक के पंचायत सहायक एग्रिटाइप डिजिटल क्रॉप सर्वे का विरोध कर रहे हैं। सरसौल ब्लॉक के पंचायत सहायकों ने अकबरपुर लोकसभा सांसद देवेंद्र सिंह भोले से मुलाकात करके ज्ञापन सौंपा।
पंचायत सहायकों ने कई समस्याएं सांसद के सामने रखीं। उनका कहना है कि अधिकतर सहायकों के पास उचित क्षमता का स्मार्टफोन या जीपीएस सपोर्टेड मोबाइल नहीं है। फील्ड में जाने से ग्राम सचिवालय का काम प्रभावित होगा। उन्होंने बताया कि कृषि विभाग का यह कार्य उन पर थोपा जा रहा है।
सहायकों ने प्रति गाटा और प्रति प्लाट के लिए दी जा रही राशि को अपर्याप्त बताया। महिला पंचायत सहायकों की सुरक्षा और दस लाख का बीमा कवर की मांग की गई। उन्होंने लेखपालों जैसी सुविधाओं की मांग की। बिना पर्याप्त सुविधाओं के खेतों में काम करने में असमर्थता जताई।
सांसद देवेंद्र सिंह भोले ने पंचायत सहायकों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारियों से बात कर जल्द समाधान किया जाएगा।
ज्ञापन देने वालों में नितिन सिंह तोमर, शुभम सिंह, विष्णु कुमार, बीरू कुशवाहा, सुरभि तिवारी, अंजली, प्रीति, गरिमा, रंजीत कुमार, हिमांशु कुमार, सुजीत, अंशु, विष्णु कुशवाहा, प्रेरणा यादव, पवन, रितिक गुप्ता आदि लोग मौजूद रहे।






