March 5, 2026

संवाददाता

कानपुर।  सजेती में एक सड़क हादसे में युवक अमन यादव की मौत हो गई। कानपुर-सागर हाईवे पर अमौली गांव के सामने एक कंटेनर ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे वह वाहन के नीचे फंस गया।
घाटमपुर थाना क्षेत्र के कूष्मांडा नगर मोहल्ला निवासी अमन यादव पुत्र शिव बहादुर की आनूपुर मोड़ पर बीज की दुकान है। वह रात में दुकान से अपनी बाइक पर घाटमपुर स्थित घर लौट रहा था। अमौली गांव के सामने पहुंचते ही पीछे से आ रहे कंटेनर ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि अमन बाइक समेत कंटेनर के नीचे फंस गया। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने अमन को कंटेनर के नीचे से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
अमन अपने दो भाइयों में छोटा था, उसके पिता एक सेवानिवृत्त फौजी हैं। 

सजेती थाना प्रभारी अनुज भारती ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
कंटेनर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया है। पुलिस ने कंटेनर को कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। परिवार की तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।