March 10, 2026

संवाददाता
कानपुर।
स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान के अंतर्गत जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज, कानपुर के स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग द्वारा सोमवार को गर्भाशय के मुख के कैंसर की जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।

इस कार्यक्रम का संचालन प्राचार्य डॉ. संजय काला, उप प्राचार्या डॉ. ऋचा गिरी, प्रमुख अधीक्षक डॉ. आरके सिंह, विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. रेनु गुप्ता तथा नोडल ऑफिसर डॉ. नीना गुप्ता के मार्गदर्शन में किया गया।
इस अवसर पर 225 महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और 35 महिलाओं का पैप स्मियर टेस्ट किया गया। कार्यक्रम की मुख्य वक्ता नोडल ऑफिसर डॉ. नीना गुप्ता ने बताया कि 21 से 65 वर्ष तक की हर महिला को पैप स्मियर जांच अवश्य करानी चाहिए, जिससे गर्भाशय मुख कैंसर का पता शुरुआती चरण में लगाया जा सके।
उन्होंने कहा कि यह जांच मेडिकल कॉलेज में नियमित रूप से उपलब्ध है। डॉ. नीना गुप्ता इस दिशा में लंबे समय से काम कर रही हैं और अब तक 173 कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर व मेडिकल ऑफिसर्स को प्रशिक्षित कर चुकी हैं।
उनके प्रयासों से 21 जुलाई 2021 को कॉलेज में कैंसर स्पेशलिटी ओपीडी की शुरुआत की गई थी, जहां अब तक 6000 से अधिक पैप स्मियर जांचें हो चुकी हैं।
कार्यक्रम में विभागाध्यक्ष डॉ. रेनु गुप्ता ने पुरुषों से अपील की कि वे अपनी माताओं, बहनों और पत्नियों को पैप स्मियर टेस्ट के लिए प्रोत्साहित करें और इस जागरूकता अभियान का हिस्सा बनें।
वहीं, डॉ. उरुज जहान ने किशोर और किशोरियों में एचपीवी वैक्सीन की उपयोगिता पर प्रकाश डाला और बताया कि यह वैक्सीन गर्भाशय मुख कैंसर की रोकथाम में अत्यंत सहायक है।
डॉ. रश्मि यादव ने कहा कि पैप स्मियर की जांच ओपीडी में नियमित रूप से होती है और इसे कराना बेहद आसान व सुरक्षित है। इसके अलावा शिविर में महिलाओं को स्वास्थ्य परामर्श, संतुलित आहार की जानकारी और व्यक्तिगत मार्गदर्शन भी दिया गया।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में महिलाएं विशेषज्ञ डॉक्टरों से सीधे संवाद कर अपनी शंकाओं का समाधान पाकर संतुष्ट रहीं। 

कार्यक्रम में डॉ. दिव्या गुप्ता, डॉ. फातिमा, डॉ. नूर फातिमा और डॉ. अर्पिता सहित संकाय सदस्यों का विशेष योगदान रहा।