February 17, 2026

संवाददाता

कानपुर।  छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर के 61वें स्थापना दिवस सप्ताह के अवसर पर स्कूल ऑफ बिजनेस मैनेजमेंट में एक विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विभाग के पूर्व छात्र आदर्श निगम ने इंडस्ट्री अनफिलटर्ड: एल्युमनी लेसन्स फॉर द नेक्स्ट जनरेशन ऑफ मैनेजर्स विषय पर छात्र-छात्राओं को संबोधित किया।

अपने व्याख्यान में उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अपने करियर की योजना पहले से स्पष्ट रूप से बना लेनी चाहिए तथा यह समझना आवश्यक है कि नौकरी प्राप्त करने हेतु उनकी क्षमताएँ और प्राथमिकताएँ क्या हैं। साथ ही, यह भी तय करना चाहिए कि वे किस प्रकार की इंडस्ट्री में अपना भविष्य बनाना चाहते हैं। उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में नौकरी प्राप्त करने के लिए नेटवर्किंग सबसे महत्वपूर्ण कौशल है। इसके लिए सभी विद्यार्थियों को लिंक्डइन जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपना प्रोफाइल बनाकर उद्योग जगत के पेशेवरों से अधिक से अधिक जुड़ना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि आज अनेक नौकरियों की जानकारी और अवसर सोशल मीडिया के माध्यम से ही प्राप्त होते हैं तथा लगभग 80 प्रतिशत से अधिक नौकरियाँ व्यक्तिगत और पेशेवर संपर्कों के माध्यम से मिलती हैं।

इस अवसर पर स्कूल ऑफ बिजनेस मैनेजमेंट के निदेशक प्रो. सुधांशु पांड्या ने कहा कि विभाग के पूर्व छात्र देश एवं विदेश की विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों में कार्यरत हैं और उनके सहयोग से विभाग के विद्यार्थियों को इंटर्नशिप एवं प्लेसमेंट के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।

कैंपस एलुमनी संगठन के निदेशक डॉ. विवेक सिंह सचान ने कहा कि पूर्व छात्रों के अनुभव, मार्गदर्शन और पेशेवर नेटवर्क से वर्तमान छात्रों को न केवल सही करियर दिशा मिलती है, बल्कि उनमें आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का भी विकास होता है। वहीं, वर्तमान छात्रों की नवीन सोच, ऊर्जा और तकनीकी समझ पूर्व छात्रों को संस्थान से भावनात्मक और रचनात्मक रूप से जोड़े रखती है।

कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन डॉ. अर्पण कटियार द्वारा किया गया। 

इस अवसर पर प्रोफेसर नीरज कुमार सिंह, डॉ. चारु खान, डॉ. सुधांशु राय, डॉ. वारसी सिंह, डॉ. प्रकाश नारायण पांडे सहित अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे।

Related News