
संवाददाता
कानपुर। इजरायल और ईरान के बीच चल रहे युद्ध से पनपे रसोई गैस संकट के मुद्दे पर पूछे गए सवाल पर प्रभारी मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्रदेश सरकार जन कल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारने में पूरी तरह सफल रही है और आम जनता तक सुविधाएं निरंतर पहुंच रही हैं।
विपक्षी दलों द्वारा गैस संकट को लेकर भ्रम फैलाने का आरोप लगाते हुए उन्होंने इसे पूरी तरह राजनीतिक स्टंट करार दिया। बुधवार को प्रभारी मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय ने पत्रकार वार्ता के दौरान कहा कि सरकार की प्राथमिकता हमेशा से आम जनता को राहत पहुंचाने की रही है। उज्ज्वला योजना समेत अन्य योजनाओं के माध्यम से करोड़ों परिवारों को गैस कनेक्शन उपलब्ध कराए गए हैं और आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत किया गया है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में कहीं भी गैस की वास्तविक कमी नहीं है, बल्कि कुछ स्थानों पर कृत्रिम माहौल बनाकर लोगों को गुमराह करने की कोशिश की जा रही है।
उन्होंने कहा कि विपक्षी दल सत्ता हासिल करने के लिए जनता के बीच झूठ और भ्रम फैलाने का काम कर रहे हैं। “जब-जब सरकार विकास कार्यों को गति देती है, तब-तब विपक्ष ऐसे मुद्दे खड़े कर जनता का ध्यान भटकाने की कोशिश करता है,” मंत्री ने कहा। उन्होंने यह भी जोड़ा कि सरकार हर स्तर पर स्थिति पर नजर बनाए हुए है और यदि कहीं भी आपूर्ति में बाधा आती है तो उसे तत्काल दुरुस्त किया जाता है।
प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गैस वितरण व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी और सुचारु बनाया जाए, ताकि किसी भी उपभोक्ता को परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने यह भी कहा कि जनता से अपील है कि वह अफवाहों पर ध्यान न दे और किसी भी समस्या की जानकारी सीधे प्रशासन को दे।
इस दौरान उन्होंने प्रदेश सरकार की अन्य उपलब्धियों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सड़कों, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य किए गए हैं। सरकार सिर्फ घोषणाएं नहीं करती, बल्कि योजनाओं को जमीन पर उतारकर दिखाती है,” उन्होंने जोर देकर कहा।
अंत में प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार विकास के एजेंडे पर पूरी मजबूती के साथ काम कर रही है और जनता का विश्वास ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने विपक्ष को सलाह दी कि वह सकारात्मक राजनीति करे और जनता के हित में सहयोगात्मक भूमिका निभाए, भ्रम और अफवाह फैलाकर माहौल न खराब करें तो अच्छा।प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री एवं प्रभारी मंत्री कानपुर नगर योगेंद्र उपाध्याय ने सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में ‘उत्तर प्रदेश नवनिर्माण के 9 वर्ष’ पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि प्रदेश नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने बीते 9 वर्षों में सुशासन, सुरक्षा और सर्वांगीण विकास का नया मानक स्थापित किया है। उन्होंने कहा कि यह कालखंड प्रदेश के लिए “उत्कर्ष के वर्ष” सिद्ध हुआ है, जिसमें गांव, गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के जीवन में व्यापक सकारात्मक बदलाव आया है।
इस अवसर पर महापौर प्रमिला पाण्डेय, किदवईनगर विधायक महेश त्रिवेदी, कल्याणपुर विधायक नीलिमा कटियार, घाटमपुर विधायक सरोज कुरील, भाजपा जिला अध्यक्ष उत्तर अनिल दीक्षित, भाजपा जिला अध्यक्ष दक्षिण शिवराम सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष ग्रामीण उपेन्द्र पासवान, जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह, मुख्य विकास अधिकारी दीक्षा जैन सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।






