
संवाददाता
कानपुर। महाशिवरात्रि पर्व नजदीक आते ही शिवभक्तों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। कानपुर के अलग-अलग इलाकों से कांवड़ियों के जत्थे पवित्र शिवधामों की ओर रवाना हो रहे हैं।
इसी क्रम में सरसौल ब्लॉक क्षेत्र से बड़ी संख्या में कांवड़िए बाराबंकी स्थित प्रसिद्ध लोधेश्वर महादेव धाम के लिए पैदल यात्रा पर निकले हैं।
सरसौल ब्लॉक के सिकठिया गांव से कांवड़ियों का एक बड़ा जत्था “बोल बम” और “हर-हर महादेव” के जयकारों के साथ लोधेश्वर धाम के लिए रवाना हुआ। कांवड़िए गंगाजल से भरी कांवड़ लेकर कई किलोमीटर की कठिन पैदल यात्रा करेंगे और महाशिवरात्रि के दिन भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे।
कांवड़ियों ने बताया कि गांव में यह परंपरा सैकड़ों वर्षों से चली आ रही है। हर साल दर्जनों श्रद्धालु कांवड़ या ध्वज लेकर लोधेश्वर धाम जाते हैं और भगवान शिव से परिवार की सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना करते हैं। इस यात्रा में युवा और बुजुर्ग सभी उत्साह के साथ भाग लेते हैं।
ग्रामीणों के अनुसार कांवड़ यात्रा के दौरान पूरे गांव में भक्तिमय माहौल रहता है। यात्रा से पहले विशेष पूजा-अर्चना की गई और कांवड़ियों को शुभकामनाओं के साथ विदा किया गया। प्रशासन और स्थानीय लोगों की ओर से कांवड़ियों की सुरक्षा और सुविधाओं का भी विशेष ध्यान रखा जा रहा है।






