
संवाददाता
कानपुर। ग्रीन पार्क चौराहे पर वसूली न मिलने पर झल्लाए टीएसआई ने एक ई-रिक्शा चालक के लगातार तीन थप्पड़ जड़ दिए। चालक की पिटाई की जानकारी पर पहुंचे अन्य ई-रिक्शा चालकों ने टीएसआई को घेर लिया और धक्का-मुक्की कर उगाही व परेशान करने का आरोप लगाते हुए हंगामा कर नारेबाजी की। साथ ही बीच सड़क पर रिक्शे खड़े करके वीआईपी रोड में जाम लगा दिया। गुस्साए चालकों से घिरा टीएसआई हाथ जोड़कर गलती मानकर छोड़ने की मिन्नतें करता रहा। हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई करने का आश्वासन देकर आक्रोशित चालकों को शांत कराया।
परमट निवासी ई-रिक्शा चालक जय शंकर ने बताया कि वह घंटाघर से परेड होते हुए परमट तक रिक्शा चलाते है। वह ई-रिक्शा लेकर घर जा रहे थे, तभी ग्रीन पार्क चौराहे पर तैनात टीएसआई अनुपम सिंह ने उन्हें रोक लिया। उसके लाइसेंस समेत अन्य कागजात मांगने पर उन्होंने दिखा दिया, जबकि रिक्शे पर बारकाेड भी लगा था। आरोप है कि गाड़ी सीज करने की धमकी देकर टीएसआई ने 500 रुपए की मांग की। जब चालक ने एतराज जताया तो टीएसआई ने गाली -गलौज करते हुए गाल पर तीन थप्पड़ जड़ने के बाद कागज अपने पास रख लिए।
इसके बाद दोनाे में हॉट-टॉक होता देख वहां से गुजर रहे एक रिक्शा चालक ने अन्य साथियाें को घटना की जानकारी दी। चंद मिनट में 30 से अधिक रिक्शा चालक मौके पर पहुंच गए और टीएसआई को घेर लिया। आक्रोशित चालकों ने टीएसआई से धक्का-मुक्की कर अवैध वसूली का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। फिर नारेबाजी करते हुए चालकों ने ग्रीन पार्क चौराहे पर रिक्शा खड़ा करके वीवीआईपी रोड मेंं जाम लगा दिया, जिससे आधे घंटे यातायात बाधित रहा।
चालकाें के गुस्से को देख टीएसआई गलती मान हाथ जोड़कर छोड़े जाने की मिन्नतें करता रहा। हंगामे की जानकारी पर पुलिस फोर्स ने कार्रवाई का आश्वासन देकर चालकों को शांत कराया।
कोतवाली थाना प्रभारी ने बताया कि किसी बात को लेकर टीएसआई से ई-रिक्शा चालक वाद-विवाद कर रहे थे। हंगामे की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने लोगों को शांत करा दिया था। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।






