
संवाददाता
कानपुर। पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय में सोमवार को विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इसमें 60 प्रकार के वैज्ञानिक मॉडल प्रदर्शित किए गए। उपजिलाधिकारी नरवल विवेक कुमार मिश्रा ने फीता काटकर और दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
प्रदर्शनी का मुख्य आकर्षण विनेश कुमार के निर्देशन में बना पीएसएलवी मॉडल रहा। पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय के कक्षा 6 से 12 तक के छात्र-छात्राओं ने इस विज्ञान प्रदर्शनी में भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन राजकिशोर सिंह ने किया।
कार्यक्रम का संयोजन डॉ. सुभाष सेठ ने किया। शिक्षकों में संजय सक्सेना, शिवालिका शर्मा, नीरज पांडेय, विनेश कुमार, सीवी सिंह और अनूप कुमार शामिल रहे।
सरसौल एबीएसए कृष्ण कुमार के नेतृत्व में सरसौल ब्लॉक के कई प्राथमिक, कंपोजिट और बीआर एजुकेशन विद्यालयों के छात्र-छात्राएं व शिक्षक भी प्रदर्शनी देखने पहुंचे।
इस दौरान एसडीएम नरवल विवेक कुमार मिश्रा ने प्रदर्शनी में सभी छात्रों से परिचय प्राप्त कर मॉडलो के विषय में जानकारी ली। बच्चों ने मुख्य अतिथि व विशिष्ट अतिथियों को प्रदर्शनी के मॉडल को गहनता से समझाया और उसका महत्व भी बताया।
विद्यालय के प्राचार्य अशोक कुमार सिंह ने बताया कि यह प्रदर्शनी छात्रों को वैज्ञानिक मॉडल और प्रयोग प्रदर्शित करने का मंच प्रदान करती है। इससे छात्रों की रचनात्मकता, जिज्ञासा और व्यावहारिक समझ बढ़ती है। उन्होंने टेक्नोलॉजी के महत्व पर भी प्रकाश डाला।
इस आयोजन का उद्देश्य छात्रों के सर्वांगीण विकास और वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देना है। यह छात्रों को लीक से हटकर सोचने और वास्तविक दुनिया की समस्याओं के नवीन समाधान खोजने के लिए प्रेरित करती है। प्रदर्शनी छात्रों को अपने ज्ञान को व्यावहारिक रूप से लागू करने और रचनात्मक प्रस्तुतियां देने का अवसर देती है, जिससे उनमें विज्ञान के प्रति रुचि और प्रतिस्पर्धा की भावना बढ़ती है। कार्यक्रम में सम्मानित गणमान्य लोग मौजूद रहे।





