
संवाददाता
कानपुर। ‘मैं ठाकुर हूं’ कहने के बाद चर्चा में आई एचडीएफसी बैंक की रिलेशनशिप मैनेजर आस्था सिंह भदौरिया ने कहा कि उन्हें बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। वह मानसिक तनाव में हैं और उन्हें ऐसा लग रहा है कि सुसाइड कर लें।
आस्था ने कहा कि ऋतु त्रिपाठी ने सीधे उनके चरित्र पर उंगली उठाई है। जब लोगों को कुछ नहीं मिलता, तो वे महिलाओं के चरित्र पर सवाल उठाने लगते हैं। उन्होंने कहा कि चरित्र से बड़ा दाग और क्या लगाया जा सकता है। ऋतु को शर्म आनी चाहिए, क्योंकि गलती उनके पति की है।
कानपुर का एक वीडियो सामने आया था, जिसमें एचडीएफसी बैंक की कर्मचारी आस्था सिंह दूसरी कर्मचारी ऋतु त्रिपाठी और उनके पति से कहती नजर आ रही हैं— “मैं ठाकुर हूं, तेरी ऐसी की तैसी कर दूंगी।” गुस्से में वह लैपटॉप उठाकर किसी पर हमला करने की कोशिश करती भी दिखाई देती हैं। 6 जनवरी घटना का यह वीडियो 8 फरवरी को सामने आया था।
वीडियो के वायरल होने के बाद आस्था और ऋतु के बीच जुबानी जंग शुरू हो गई है। दोनों एक-दूसरे पर आरोप लगा रही हैं।
आस्था ने बताया कि उन्होंने पूरे मामले की शिकायत पनकी थाने में की है और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई चाहती हैं। उन्होंने कहा, “मुझे डीफेम किया गया है। मैं मानहानि का केस करूंगी। जाति को लेकर सिर्फ ‘ठाकुर’ शब्द का मुद्दा बनाया गया। उसने मेरी जाति पूछी, तो मैंने कहा कि मैं ठाकुर हूं और मुझसे तमीज से पेश आने को कहा। इसके बाद बाद वीडियो बनाकर इरादतन वायरल किया गया।” उन्होंने कहा कि जब कोई ठोस बात नहीं मिली तो भावनात्मक तरीके से मामला पेश किया गया।
ऋतु के सीनियर्स के साथ घूमने-फिरने के आरोपों पर आस्था ने कहा कि उनकी प्रोफाइल सेल्स की है, जिसमें बाहर जाकर क्लाइंट्स से मिलना और विजिट करना नौकरी का हिस्सा होता है।
उन्होंने कहा, “सेल्स की जॉब में बाहर निकलना पड़ता है, कॉल पर जाना और क्लाइंट्स से मिलना पड़ता है। मैं इंसेक्योर नहीं हूं। जब कुछ नहीं मिला तो मेरे चरित्र पर सवाल उठाए गए।”
आस्था के मुताबिक वह 15 दिसंबर 2025 से बैंक में कार्यरत हैं, जबकि ऋतु त्रिपाठी ने खुद पांच साल से वहां काम करने की बात कह रही हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि 15 दिन पहले जॉइन करने वाला कर्मचारी पांच साल पुराने कर्मचारी को कैसे धमका सकता है।
आस्था ने कहा- मेरा ऋतु के पति और ननद से विवाद हुआ। वो दोनों सामने क्यों नहीं आ रहे हैं। ऐसी क्या मजबूरी पड़ गई कि ऋतु त्रिपाठी को आकर सामना करना पड़ रहा है।
वहीं दूसरी तरफ ऋतु त्रिपाठी का भी एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें वह कह रही हैं कि जिसके परिवार की बेज्जती हुई, वह मैं हूं। जिसको गालियां सुनाई गईं वह मैं हूं। इतना सब होने के बाद भी मैंने वीडियो वायरल नहीं किया। झूठे वीडियो वायरल करके रानी लक्ष्मीबाई बनने की चाहत नहीं है मेरे अंदर। मैं ब्राह्मण हूं, मुझे इस बात का गर्व है। मेरी सभी से प्रार्थना है कि मैं कानपुर की बेटी हूं। इस ब्राह्मण बेटी की इज्जत बचाएं, मुझे सपोर्ट करें। अगर मैं गलत नहीं हूं तो मेरी मदद करें।






