
संवाददाता
कानपुर। सड़क हादसों में कमी लाने के लिए एनएच-34 पर व्यापक यातायात जागरूकता अभियान चलाया गया। एनएच -34 पर बिधनू थाने के अंतर्गत सम्भुआ, बिधनू नहरिया और माधव बाग क्षेत्र में लोगों को नुक्कड़ नाटक के जरिए यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया। इसका मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाएं कम करना है।
इस अभियान के दौरान ट्रैफिक इंस्पेक्टर साउथ जोन फर्स्ट के राजकुमार मिश्र एवं नुक्कड़ नाटक टीम ने आमजन को रोचक नाट्य प्रस्तुति के माध्यम से नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया। संवाद और अभिनय के जरिए हेलमेट व सीट बेल्ट के अनिवार्य प्रयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और वाहन चलाते समय सतर्कता बरतने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में राहवीर योजना और गुड सेमेरिटन नियमों की जानकारी भी दी गई। नागरिकों को बताया गया कि सड़क दुर्घटना की स्थिति में घायलों की मदद करने वाले व्यक्ति को कानूनी संरक्षण प्राप्त है। बताया गया अगर किसी का एक्सीडेंट होता है, तो सबसे पहले उसे अस्पताल या मेडिकल सहायता पहले दी जाती है।
इस दौरान पम्पलेट वितरित कर लोगों से अपील की गई कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य एनएच-34 पर हो रही सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और विशेष रूप से सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था बनाए रखना है ।






