February 23, 2026

 • डीआईओएस  बोले छात्रों का साल बर्बाद नहीं होने दिया जाएगा।

संवाददाता 

कानपुर। यूपी बोर्ड की परीक्षाएं शुरू होने के साथ ही स्कूलों की गड़बड़ियां भी सामने आने लगी हैं। ऐसे में छात्र-छात्राओं की चिंता बढ़ गई है। जीआईसी चुन्नीगंज में बने ऑफलाइन कंट्रोल रूम में छात्र शिकायत दर्ज कराने आने लगे हैं।

किसी ने शिकायत की है कि सालभर गणित पढ़ा और उसके प्रवेश पत्र में जीव विज्ञान छपा है। इसके अलावा गृह विज्ञान पढ़ने वाली छात्राओं के प्रवेश पत्र में गणित विषय छप गया है।

18 फरवरी से शुरू हुई परीक्षाओं में अभी तक 10 से ज्यादा ऐसे मामले सामने आए हैं। 

उदय भारती इंटर कॉलेज गढ़ी पाली की छात्रा ने प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उसने पूरे साल गणित विषय पढ़ा है, लेकिन प्रवेश पत्र में जीव विज्ञान लिखा है।

बाबा रघुनंदन दास इंटरमीडिएट कॉलेज से एक छात्रा ने साल भर इतिहास पढ़ा और प्रवेश पत्र में भूगोल लिखा है।

बाबा रघुनंदन दास इंटरमीडिएट कॉलेज के ही एक छात्र ने बताया कि उसने सालभर भूगोल पढ़ा और प्रवेश पत्र में इतिहास लिखा है।

महर्षि कन्या इंटर कॉलेज बिनगवां की एक छात्रा ने पूरे साल गृह विज्ञान पढ़ा और प्रवेश पत्र में गणित लिखकर आया है।

आरपीपी इंटर कॉलेज मकसूदाबाद शिवली रोड कल्याणपुर की दो छात्राओं ने पूरे साल होम साइंस विषय पढ़ा, लेकिन प्रवेश पत्र में गणित लिखा है।

बोर्ड देता है मौका, लेकिन कॉलेज करते हैं लापरवाही

शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि बोर्ड साल में कई बार परीक्षा फॉर्म में संशोधन का मौका देता है। लेकिन, कॉलेज वालों की लापरवाही के चलते परीक्षार्थी परेशान हैं। बताया जा रहा है कि यह वे विद्यालय हैं जो कि ठेके पर फॉर्म भरवाते हैं।पूरे साल छात्र पढ़ने नहीं आते और परीक्षा के समय इन परेशानियों का सामना करना पड़ता है।