• गरुड़, मुकुट और हाथी के प्रतीकों में झलकी उत्तर प्रदेश की पहचान

संवाददाता
लखनऊ/कानपुर। लखनऊ सुपर जायंट्स ने मंगलवार को अपने नए लोगो का अनावरण किया। टीम अब आगामी इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) सत्र में इसी नए लोगो के साथ मैदान पर उतरेगी। टीम प्रबंधन के अनुसार यह नया प्रतीक केवल डिज़ाइन में बदलाव नहीं, बल्कि शहर, प्रदेश और प्रशंसकों की भावनाओं का प्रतिनिधित्व करता है। टीम प्रबंधन के एक अधिकारी के अनुसार नए लोगो में तीन प्रमुख प्रतीक—गरुड़, मुकुट और हाथी—को शामिल किया गया है।जो इस बात को दर्शाता है कि गरुड़ साहस और ऊँचा उठने की भावना का प्रतीक है, जो चुनौतियों का सामना करने और निडर क्रिकेट खेलने के संकल्प को दर्शाता है।मुकुट गर्व और जिम्मेदारी का प्रतीक है, जो यह याद दिलाता है कि टीम मैदान पर उतरते समय लाखों प्रशंसकों की उम्मीदों को साथ लेकर चलती है।वहीं लोगो के केंद्र में मौजूद हाथी शक्ति, बुद्धिमत्ता, धैर्य और एकता का प्रतीक है, जो प्रशंसकों के अटूट समर्थन और निष्ठा को दर्शाता है।इस मौके पर टीम के मालिक और आरपीएसजी ग्रुप के वाइस चेयरमैन शाश्वत गोयनका ने कहा कि नया लोगो टीम और प्रशंसकों के बीच गहरे संबंध को दर्शाता है।उन्होंने कहा, “लखनऊ और उत्तर प्रदेश के लोगों ने पहले दिन से ही सुपर जायंट्स को अपने दिलों में जगह दी है। यह प्रतीक उसी प्रेम और विश्वास को समर्पित है। गरुड़ हमारे ऊँचा उठने के सपनों को दर्शाता है, मुकुट उस गर्व को दिखाता है जो प्रशंसक हमें हर बार मैदान पर उतरते हुए देते हैं और हाथी इस क्षेत्र की शक्ति और निष्ठा का प्रतीक है।”उन्होंने आगे कहा कि यह केवल पहचान में बदलाव नहीं बल्कि एक वादा है कि टीम अपने शहर का सम्मान करेगी, अपनी जड़ों को संजोए रखेगी और पूरे दिल से प्रतिस्पर्धा करेगी।टीम प्रबंधन के मुताबिक नया लोगो अब टीम की जर्सियों, मर्चेंडाइज़, डिजिटल प्लेटफॉर्म और सभी आधिकारिक ब्रांडिंग में दिखाई देगा। इसे एक नए अध्याय की शुरुआत माना जा रहा है, जो एकता, महत्वाकांक्षा और अपनत्व के संदेश को आगे बढ़ाएगा।लखनऊ सुपर जायंट्स केवल एक फ्रेंचाइज़ी नहीं, बल्कि शहर के गर्व और प्रशंसकों की भावनाओं का प्रतिनिधित्व करती है। नए लोगो के साथ टीम इस सत्र में नए उत्साह और विश्वास के साथ आईपीएल में अपनी चुनौती पेश करेगी।






