March 28, 2026

संवाददाता 

कानपुर। शहर में सनसनी फैलाने वाली लगभग 50 लाख रुपये की लूट की वारदात आखिरकार झूठी निकली। कानपुर पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर मामले का खुलासा करते हुए मेरठ निवासी शातिर ठग अंतिम सोनी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने एक महिला को जाल में फंसाने के लिए पूरी लूट की कहानी गढ़ी थी।

घटना रायपुरवा थाना क्षेत्र की है, जहां अफीम कोठी इलाके में 30 लाख रुपये नकद और 8 लाख रुपये के जेवर लूटे जाने की सूचना दी गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस और स्वाट टीम सक्रिय हो गई और पूरे मामले की गंभीरता से जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान कई बिंदुओं पर कहानी संदिग्ध लगी। पुलिस ने जब सख्ती से पूछताछ की तो पूरा मामला खुलकर सामने आ गया। आरोपी अंतिम सोनी ने कबूल किया कि उसने महिला को ठगने के लिए यह साजिश रची थी। खुद को लुटा हुआ दिखाकर वह महिला का विश्वास जीतना चाहता था, ताकि आगे चलकर उससे बड़ी रकम ऐंठ सके।

हैरानी की बात यह रही कि आरोपी ने अपनी ही सगाई के दौरान इस लूट की कहानी गढ़ी और पुलिस को पूरे दिन गुमराह करता रहा। उसने अपने परिचितों को भी इस ड्रामे में शामिल कर लिया था, जिससे मामला और भी विश्वसनीय लगे।

पुलिस के अनुसार, आरोपी पहले भी ठगी के मामलों में शामिल रहा है। हालांकि इस बार उसकी चालाकी ज्यादा देर नहीं चल सकी। पुलिस ने फर्जी सूचना देने और धोखाधड़ी की धाराओं में उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

डीसीपी सेंट्रल ने बताया कि जिस धारा में आरोपी ने लूट का मुकदमा दर्ज कराया था, अब उसी में उसे जेल भेजा जाएगा। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि इस तरह की फर्जी सूचनाएं न दें, इससे न सिर्फ पुलिस का समय बर्बाद होता है बल्कि असली मामलों की जांच भी प्रभावित होती है। फिलहाल पुलिस मामले में शामिल अन्य लोगों की भी जांच कर रही है।