
संवाददाता
कानपुर। शहर में सस्ते आवास का सपना देख रहे लोगों के लिए बड़ी खबर है। कानपुर विकास प्राधिकरण ने प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के अंतर्गत विभिन्न योजनाओं में कुल 205 रिहायशी फ्लैट बिक्री के लिए विज्ञापन जारी किए हैं।
इच्छुक आवेदक दो अप्रैल 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। चार आवासीय योजनाओं में रिक्त फ्लैटो के आवेदन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। विभिन्न श्रेणियों के तहत कुल 205 फ्लैट आवंटित किए जाएंगे, जिसमें महावीर नगर में सबसे अधिक 139 फ्लैट शामिल हैं।
प्राधिकरण द्वारा जारी विज्ञापन के अनुसार महावीर नगर में 139 फ्लैट, भागीरथी-जान्हवी में 24 व सकरापुर में 12 फ्लैट हैं। इन तीनों स्थानों पर बने फ्लैटो का कार्पेट एरिया 23.27 मीटर है। केंद्र और राज्य सरकार द्वारा दिए जाने वाले अनुदान 2.50 लाख रुपए के बाद लाभार्थी को केवल 3.63 लाख रुपये देने होंगे।
इसके अलावा रामगंगा इन्कलेव में 20 फ्लैट है। यह फ्लैट अन्य की अपेक्षा में कुछ बड़े हैं। सरकार की ओर से मिलने वाले अनुदान के बाद लाभार्थी को 5.06 लाख रुपए देने होंगे।
केडीए ने आरक्षण व्यवस्था के तहत अनुसूचित जाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और सामान्य वर्ग के लिए अलग-अलग संख्या निर्धारित की है। महावीर नगर योजना में सर्वाधिक फ्लैट उपलब्ध हैं, जहां सामान्य वर्ग के लिए 73 फ्लैट रखे गए हैं। वहीं, अनुसूचित जनजाति के लिए एक, अनुसूचित जाति के लिए 29 व ओबीसी के लिए 23 फ्लैट हैं।
इसके अलावा रामगंगा इन्क्लेव में सामान्य के लिए 14, अनुसूचित जाति व ओबीसी के लिए तीन तीन फ्लैट हैं। भागीरथी-जान्हवी में सामान्य के लिए 15, अनुसूचित जाति के लिए तीन व ओबीसी के लिए 13 फ्लैट आरक्षित हैं। वहीं, सकरापुर योजना में सामान्य वर्ग के लिए 06, अनुसूचित जाति व ओबीसी के लिए तीन तीन फ्लैट हैं।
इस योजना में लाभ पाने वालों के आवेदन केवल एचडीएफसी बैंक के माध्यम से ऑनलाइन स्वीकार किए जाएंगे। आवेदक को पंजीकरण शुल्क 5000 रुपये जमा करना होगा। पात्रता की जांच के बाद चयन प्रक्रिया लॉटरी प्रणाली से पूरी की जाएगी।
केडीए सचिव ने बताया कि योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग और निम्न आय वर्ग के लोगों को किफायती दर पर आवास उपलब्ध कराना है। इच्छुक लोग निर्धारित तिथि के भीतर आवेदन करके योजना का लाभ उठा सकते हैं।






