March 4, 2026

संवाददाता
कानपुर। 
शराब पीने से मना करने और खाने का बिल मांगने पर दरोगा के बेटे ने कैफे में जमकर तोड़फोड़ की और कैफे मालिक को लात-घूसों से जमकर पीटा। वह बोला कि मैं दरोगा का बेटा हूं और तू मुझसे पैसे मांगेगा। क्या बोल रहा है कि यहां ड्रिंक करना मना है।
इसके बाद उसने कुर्सी उठाकर कैफे मालिक के सिर पर मार दी। फिर बाहर पड़ी मेज-कुर्सियों को फेंक दिया। कैफे के शीशे तोड़ दिए। कैफे मालिक की शिकायत पर पुलिस ने दरोगा के बेटे और उसके साथी को अरेस्ट कर लिया। 
गोवा गार्डन में रहने वाले ज्ञान अवस्थी की कल्याणपुर के आईआईटी गेट के पास लिटरेचर कैफे के नाम से दुकान है। रात में कल्याणपुर में रहने वाला बउआ पुराने और दरोगा का बेटा अविनाश सिंह कैफे में आ गए।
ज्ञान अवस्थी ने बताया कि दोनों शराब के नशे में थे। दोनों ने खाना ऑर्डर किया। फिर कैफे के कर्मचारी को बुलाया। कहने लगे कि मेरे लिए शराब ले आओ। मैंने कर्मचारी को जाने से रोक दिया और कहा कि यहां शराब पीना मना है। इसके बाद मैंने कहा कि जो खाना ऑर्डर किया है, उसके पैसे दे दीजिए।
यह सुनते ही अविनाश सिंह भड़क गया। वह बाहर से दौड़ता हुआ आया और मेरे साथ मारपीट करने लगा। मुझे लात-घूसों से पीटा, गालियां दी। फिर कुर्सी उठाकर मेरे सिर पर हमला कर दिया। वहां मौजूद लोगों ने बड़ी मुश्किल से मुझे बचाया।

अविनाश सिंह ने कहा कि तू मुझे जनता नहीँ है, मैं

दरोगा का बेटा हूं। मुझसे पैसा मांगता है। इस दौरान बउआ पुराने उर्फ बउआ शर्मा ने कैफे में तोड़फोड़ की। इसके बाद दोनों गाली-गलौज करते हुए वहां से भाग निकले।

पूरी घटना कैफे में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई है। इसके बाद दुकानदार ज्ञान अवस्थी ने 112 नंबर डायल करके घटना कि जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही कल्याणपुर थाने का पुलिस फोर्स मौके पर पहुंचा। सीसीटीवी कब्जे में लिया। पुलिस ने देर रात कैफे मालिक कि शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया।
कल्याणपुर थाना प्रभारी राजेंद्र कांत शुक्ला ने बताया कि शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। इसके बाद देर रात कल्याणपुर क्रॉसिंग के पास से दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी बउआ पुराने पर कल्याणपुर में कई मुकदमे दर्ज हैं।
अविनाश के पिता दरोगा हैं और जालौन जनपद में तैनात हैं। दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। अविनाश पहले भी आईआईटी कैंपस में फायरिंग कर चुका है।