December 7, 2025

संवाददाता
कानपुर।
  शिवराजपुर थाने में तैनात दारोगा शुभम पांडेय को भाजपा मंडल अध्यक्ष से अभद्रता करने के आरोप की जांच के बाद लाइन हाजिर कर दिया गया है। यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त पश्चिम के आदेश पर की गई।

जानकारी के मुताबिक, एक सप्ताह पहले ग्रामीण क्षेत्र के भाजपा मंडल अध्यक्ष अपनी ससुराल शिवराजपुर आए थे। इस दौरान कुछ लोगों से उनका विवाद हो गया। मौके पर पहुंचे दारोगा शुभम पांडेय ने मंडल अध्यक्ष का परिचय जानने के बाद भी उनसे अभद्रता की और थाने ले जाकर बैठा दिया।
घटना की जानकारी होने पर बिठूर व बिल्हौर के विधायकों ने नाराजगी जताते हुए पुलिस उपायुक्त से तत्काल कार्रवाई की मांग की थी। 

जिलाध्यक्ष ग्रामीण ने भी इस मामले को गंभीर बताते हुए जांच की मांग की थी।
एसीपी बिल्हौर ने जांच के बाद रिपोर्ट सौंपी, जिसमें दारोगा की कार्यशैली को अनुचित बताया गया। इसके बाद पुलिस उपायुक्त पश्चिम ने दारोगा शुभम पांडेय को लाइन हाजिर कर दिया।
एसीपी बिल्हौर ने बताया कि उपनिरीक्षक की खराब कार्यशैली और अनुशासनहीन व्यवहार के चलते यह कार्रवाई की गई है। पुलिस विभाग ने साफ संकेत दिया है कि अमर्यादित आचरण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।