
संवाददाता
कानपुर। चकेरी एयरपोर्ट से यात्रियों को जल्द ही नवी मुंबई के लिए सीधी उड़ान की सुविधा मिलेगी। इंडिगो एयरलाइन जनवरी के अंत तक यह नई सेवा शुरू करेगी। इससे यात्रियों को यात्रा में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
इंडिगो और केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय के बीच इस नई उड़ान को लेकर सहमति बन गई है। यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए यह फैसला लिया गया है।
वर्तमान में कानपुर से इंडिगो की केवल एक दैनिक उड़ान मुंबई के लिए उपलब्ध है, और नवी मुंबई जाने वाले यात्रियों को मुंबई से होकर जाना पड़ता है। इस नई उड़ान के शुरू होने से कानपुर एयरपोर्ट से कुल उड़ानों की संख्या बढ़कर पांच हो जाएगी।
इसके अतिरिक्त, अहमदाबाद, पुणे और कोलकाता के लिए भी नई उड़ानों को लेकर चर्चा जारी है। अहमदाबाद और पुणे की उड़ानें फरवरी माह में शुरू होने की संभावना है। इन उड़ानों का शेड्यूल जल्द ही जारी किया जाएगा।
एयरपोर्ट डायरेक्टर प्रदीप यादव ने बताया कि केंद्रीय उड्डयन राज्यमंत्री और इंडिगो एयरलाइंस के बीच बातचीत के बाद सहमति बन गई है। जनवरी के अंत तक कानपुर से नवी मुंबई के लिए नई फ्लाइट शुरू हो जाएगी, जिसका शेड्यूल जल्द ही जारी होगा। अहमदाबाद, पुणे और कोलकाता की उड़ानों पर मंथन चल रहा है।





