
संवाददाता
कानपुर। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर शुक्रवार को शहर के शिक्षण संस्थानों में बच्चे हाथों में तिरंगा झंडा लेकर स्कूल पहुंचे। यहां पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। वहीं, देश भक्ति के गीतों पर बच्चों ने शानदार प्रस्तुति दी।
सरकारी संस्थानों में भी सुबह से ही लोग पहुंचने लगे और झंडारोहण कर सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाया। इसके बाद जलपान का कार्यक्रम भी किया गया।
कानपुर के जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह वैसे तो अपने काम से भी काफी चर्चा में रहते है, लेकिन स्वतंत्रता दिवस के मौके पर भी वो खूब चर्चा में रहे। झंडा फहराने के लिए जब वह अपने कार्यालय में पहुंचे तो उन्हें देख कर सब हैरान रह गए।
सब ने देखते ही एक बात बोली की सर तो आज बिल्कुल जवाहर लाल नेहरू लग रहे है। उन्होंने झंडारोहण किया। इसके बाद सामूहिक राष्ट्रगान गाया और भारत माता की जय, वंदे मातरम के जयघोष किए।
गणेश शंकर विद्यार्थी मेडिकल कॉलेज, आईएमए भवन कानपुर, जिला उर्सला अस्पताल, सीएमओ ऑफिस, काशीराम ट्रामा सेंटर समेत विभिन्न मेडिकल संस्थानों में भी झंडारोहण का आयोजन किया गया। यहां पर लोगों ने एक दूसरे को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी और मिठाई वितरण किया गया।
शहर के अलग-अलग स्कूलों में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन बहुत ही धूमधाम के साथ मनाया गया। कानपुर विद्या मंदिर के बच्चों ने एक से बढ़कर एक कार्यक्रम की सुंदर प्रस्तुति दी।
वहीं, श्री राम दास बाल विद्या मंदिर में बच्चों ने श्री कृष्ण जन्म, देश भक्ति गीतों पर सुंदर प्रस्तुति दी गई। इसी तरह विभिन्न शिक्षण संस्थानों में जोर शोर के साथ कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।






