
संवाददाता
कानपुर। एक महिला की पुलिस की मौजूदगी में हुई पिटाई का वीडिओ वायरल होने से पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया है। बिल्हौर थाना क्षेत्र के बंभियापुर गांव से कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक सनसनीखेज तस्वीर सामने आई है। यहां पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में देवरों के साथ आए दबंगों ने एक महिला पर लाठी-डंडों और लात-घूंसों से हमला कर दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया है।
पीड़ित महिला मनी पत्नी सुमित के अनुसार जब वह अपने घर के बाहर बैठी थी। उसी समय उसके देवर रजनीश और मोहित नशे की हालत में वहां पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर महिला और उसके पति की बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी। आरोप है कि हमलावरों ने उन पर मिट्टी का तेल डालकर जिंदा जलाने की धमकी भी दी।
महिला ने तत्काल डायल 112 को फोन कर मदद मांगी। मौके पर पहुंची पुलिस के सामने भी हमलावरों ने महिला को दोबारा पीटना शुरू कर दिया। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि पुलिसकर्मी बीच-बचाव की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन हमलावर बेखौफ होकर महिला पर लाठियां बरसा रहे हैं।
पीड़ित मनी का आरोप है कि इस हमले में उसे गंभीर अंदरूनी चोटें आई हैं, लेकिन पुलिस ने आरोपियों पर सख्त धाराएं लगाने के बजाय केवल शांतिभंग की मामूली कार्रवाई कर उन्हें छोड़ दिया। न्याय की गुहार लेकर पीड़िता लगातार थाने के चक्कर काट रही है।
मामला उच्चाधिकारियों के संज्ञान में आ गया है। पुलिस के अनुसार जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वीडियो में दिख रहे आरोपियों की पहचान कर ली गई है। तहरीर और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।






