April 11, 2026

संवाददाता 

कानपुर। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर में आयोजित नॉर्थ जोन पुरुष खो-खो अंतर विश्वविद्यालयीय टूर्नामेंट 2025–26 का पाँचवाँ दिन एवं समापन समारोह अत्यंत गरिमामय एवं सुव्यवस्थित वातावरण में सम्पन्न हुआ। प्रतियोगिता के अंतिम दिन खेले गए मुकाबलों में टीमों ने उच्च स्तरीय खेल कौशल, अनुशासन एवं प्रतिस्पर्धात्मक भावना का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

द्वितीय स्थान के लिए खेले गए मुकाबले में दिल्ली विश्वविद्यालय, दिल्ली और चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। दिल्ली विश्वविद्यालय द्वारा टॉस जीतकर मैच की शुरुआत की गई, किन्तु चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय ने संतुलित एवं प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए 18–16 के अंतर से विजय प्राप्त कर प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान अर्जित किया।

फाइनल मुकाबले में छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर का सामना लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी, पंजाब से हुआ। मेजबान टीम ने उत्कृष्ट रणनीति एवं समन्वित खेल का प्रदर्शन करते हुए 18–10 के अंतर से निर्णायक जीत दर्ज की और 8 अंकों से विजय प्राप्त कर चैम्पियनशिप का खिताब अपने नाम किया। लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ।

प्रतियोगिता समापन अवसर पर व्यक्तिगत उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय के फिरोज को ‘सर्वश्रेष्ठ आक्रमणकर्ता’, लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के सत्यम को ‘सर्वश्रेष्ठ रक्षक’ तथा छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय के बब्बन को ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

समापन समारोह में विशिष्ट अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिनमें डॉ. वंदना पाठक, कुलसचिव राकेश कुमार मिश्रा, वित्त अधिकारी अशोक कुमार त्रिपाठी, प्रो. सुधांशु पांडे निदेशक, स्कूल ऑफ मैनेजमेंट, डॉ. नरेश सिंह ए.आई.यू. पर्यवेक्षक, डॉ. निमिषा सिंह कुशवाहा खेल सचिव, डॉ. श्रवण कुमार यादव विभागाध्यक्ष, शारीरिक शिक्षा, डॉ. प्रभाकर पाण्डेय सह- आचार्य, सौरभ तिवारी, अभिषेक मिश्रा सहित सभी खेलो के प्रशिक्षक उपस्थित रहे।

समापन के साथ ही विश्वविद्यालय के स्वयंसेवकों ने आगामी ऑल इंडिया पुरुष खो-खो चैम्पियनशिप की तैयारियों में सक्रिय रूप से जुटना प्रारंभ कर दिया है, जो संस्थान की खेल आयोजन क्षमता एवं प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

इस प्रकार नॉर्थ जोन पुरुष खो-खो अंतर विश्वविद्यालयीय टूर्नामेंट 2025–26 का सफल, सुव्यवस्थित एवं प्रभावशाली समापन हुआ, जिसने प्रतिभागी खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन हेतु प्रेरित किया।

Related News