
संवाददाता
कानपुर। गजनेर थाना क्षेत्र में एक दंपति के साथ सनसनीखेज वारदात हुई। घाटमपुर थाना क्षेत्र के बखरिया गांव निवासी पद्दन यादव अपनी पत्नी मखौला देवी के साथ अकबरपुर से दवा लेकर घर लौट रहे थे। तभी लोहआरी और सिकंदरा के बीच अचानक स्विफ्ट डिज़ायर कार में आए बदमाशों ने दंपति को जबरन कार में बैठा लिया।
पीड़ित पद्दन यादव ने बताया कि बदमाश लगातार रास्ते भर उन्हें और उनकी पत्नी को लात-घूंसे से पीटते रहे। उन्होंने रहम की गुहार लगाई, लेकिन किसी ने उनकी एक न सुनी। करीब 10 किलोमीटर तक बदमाश दोनों को पीटते रहे। वो जैसे ही गांव के पास पहुंचे, पद्दन ने जोर-जोर से शोर मचाना शुरू किया। उनकी आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण वहां जमा हो गए।
ग्रामीणों को देखकर बदमाश घबरा गए। उन्होंने पद्दन यादव को कार से बाहर फेंक दिया और उसकी पत्नी को लेकर भागने लगे। हालांकि ग्रामीणों ने सूझबूझ दिखाते हुए कार को घेर लिया। हंगामा बढ़ता देख बदमाश कार मौके पर छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। इस दौरान ग्रामीणों ने महिला को सुरक्षित निकाल लिया।
घटना से नाराज ग्रामीणों ने बदमाशों की छोड़ी गई स्विफ्ट डिज़ायर कार में जमकर तोड़फोड़ की। उन्होंने कार के शीशे तोड़ दिए और कार को नुकसान पहुंचाया।
सूचना पाकर डायल-112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने गुस्साए ग्रामीणों को शांत कराया और सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया।






