January 23, 2026

संवाददाता
कानपुर। 
अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह की दूसरी वर्षगांठ बेहद धूमधाम से मनाई गई। यह आयोजन 2024 में श्रीराम के भव्य मंदिर में विराजमान होने की स्मृति में किया गया।
इस अवसर पर कानपुर की नरवल तहसील के ग्राम पुरवामीर में भी प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का आयोजन हुआ। ग्राम के व्यापारियों ने इस कार्यक्रम का आयोजन किया, जिसमें विशेष पूजा-अर्चना और विशाल भंडारे में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत भगवान श्रीराम की विधिवत पूजा-अर्चना से हुई। वैदिक मंत्रोच्चार और राम भजनों से क्षेत्र गूंज उठा। पूजा के बाद श्रद्धालुओं को खीर, पूड़ी, बूंदी और खिचड़ी का प्रसाद वितरित किया गया। भंडारे में दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं और ग्रामीणों ने प्रसाद ग्रहण किया।
इस अवसर पर व्यापारी पुरुषोत्तम गुप्ता ने बताया कि लगभग पांच सौ वर्षों के बाद प्रभु श्रीराम का अयोध्या में आगमन हुआ था। उस ऐतिहासिक क्षण की स्मृति में हर वर्ष प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का आयोजन किया जाता है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन श्रद्धा, संस्कृति और एकता का प्रतीक है।
उन्होंने आगे बताया कि इसी परंपरा के तहत पुरवामीर चौराहे पर यह कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। पूरे क्षेत्र में “जय श्रीराम” के नारे गूंजते रहे। स्थानीय लोगों के अनुसार, ऐसे आयोजन धार्मिक आस्था को मजबूत करते हैं और सामाजिक समरसता बढ़ाते हैं। इस आयोजन को सफल बनाने में ग्रामवासियों और व्यापार मंडल के सदस्यों का योगदान रहा।