संवाददाता
कानपुर। नगर आयुक्त के निर्देशानुसार कानपुर नगर निगम ने शहर के 74 अतिक्रमणयुक्त पार्कों एवं ग्रीन बेल्टों को अतिक्रमण मुक्त कराते हुए सुंदरीकरण हेतु एक वृहद स्तर का अभियान चलाया गया।
इस अभियान का उद्देश्य लोगों द्वारा पार्किंग व अन्य प्रकार से अतिक्रमण किये गये पार्कों एवं ग्रीन बेल्टों को चिन्हित कर उन्हे हरित क्षेत्रों का संरक्षण, सार्वजनिक स्थानों का पुनरोद्धार एवं नागरिकों हेतु स्वच्छ और सुंदर मनोरंजन स्थल के रूप में विकसित कराना है।
इस अभियान के अंतर्गत राधा रानी तिकोना पार्क, नवीन पार्क, परशुराम पार्क, शहीद पार्क सहित कई प्रमुख पार्कों में विशेष सुधार कार्य किए गए। जिन पार्कों एवं ग्रीन बेल्टों पर अतिक्रमण या कब्जा था, वहां नगर निगम द्वारा विशेष अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाते हुए अवैध कब्जे हटाए गए और भूमि को उसके मूल स्वरूप में बहाल किया गया।
जहां बाउंड्री वॉल नहीं थी, वहां नई एवं मजबूत बाउंड्री वॉल का निर्माण कराया गया, जिससे पार्कों की सुरक्षा और हरियाली का संरक्षण सुनिश्चित हो सके। साथ ही वर्तमान में 46 पार्कों में लैंडस्केपिंग, मौसमी फूलों का रोपण, पाथवे की मरम्मत, बैठने के लिए बेंच की व्यवस्था तथा अन्य सौंदर्यीकरण कार्य भी प्रगति पर है।
नगर आयुक्त द्वारा पर्यावरण संरक्षण हेतु सतत् प्रयास किये जा रहे है। जिसके क्रम में नगर में जीटी रोड ग्रीन बेल्ट सुधार का कार्य कराया जा रहा है, जिसके अंतर्गत ग्रीन बेल्ट पर पौधा रोपण का कार्य कराया जा रहा है। जिससें ग्रीन बेल्ट की सुन्दरता बढ़ने के साथ-साथ जीटी रोड पर चलने वाले राहगीरों को धूल-मिट्टी से बड़ी राहत मिलेगी।
यह नगर-व्यापी पुनरोद्धार प्रयास कानपुर नगर निगम की पर्यावरण संरक्षण, जन स्वास्थ्य एवं जीवन-स्तर सुधार के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है। इसके क्रम में नगर में मियावाकी वनों कि संख्या में बढोत्तरी का कार्य भी किया जा रहा है। इन हरित स्थलों के पुनर्निर्माण और सुंदरीकरण से शहरवासियों को स्वच्छ, सुरक्षित और आकर्षक सार्वजनिक स्थल उपलब्ध हो सकेंगे।






