March 10, 2026

संवाददाता
कानपुर।
  पुलिस ने मुठभेड़ के बाद एक गौ तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल आरोपी पुलिस हिरासत में है और पूछताछ जारी है। यह मामला नरवल थाना क्षेत्र  का है।
एडीसीपी पूर्वी अंजलि विश्वकर्मा ने जानकारी दी कि नरवल थाना क्षेत्र के पूरनपुर गांव के बाहर स्थित बबूल के जंगल में गोवंश काटे जाने की सूचना मिली थी। 

गांव निवासी अर्जुन ने तीन लोगों को गोवंश काटते हुए देखा था और तुरंत इसकी जानकारी ग्रामीणों और पुलिस को दी थी। सूचना मिलते ही नरवल और महाराजपुर थानों की संयुक्त पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस ने मौके से एक आरोपी जावेद को पकड़ लिया, जबकि उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस जावेद को घटनास्थल से ले जा रही थी, तभी उसने भागने की कोशिश करते हुए पुलिस पर 12 बोर के अवैध तमंचे से फायरिंग कर दी।
जवाबी कार्रवाई में आरोपी जावेद के पैर में गोली लग गई। घायल अवस्था में उसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने उसके पास से अवैध हथियार भी बरामद किया है।
फिलहाल फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं। 

मौके पर एसीपी पूर्वी अभिषेक कुमार पांडे, नरवल थाना प्रभारी अखिलेश पाल और महाराजपुर थाना प्रभारी संजय कुमार पांडे सहित दोनों थानों का पुलिस बल मौजूद रहा। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।